जोधपुर मंडल के पॉइंट्समैन जितेंद्र कुमार की सजगता को महाप्रबंधक स्तर पर मिला सम्मान

चिंगारी देख तुरंत रुकवाई ट्रेन, टला संभावित हादसा

जोधपुर मंडल के पॉइंट्समैन जितेंद्र कुमार की सजगता को महाप्रबंधक स्तर पर मिला सम्मान

जोधपुर। रेल परिचालन के दौरान सतर्कता और त्वरित निर्णय से संभावित हादसा टालने वाले जोधपुर मंडल के पॉइंट्समैन जितेंद्र कुमार को उनकी सजग ड्यूटी के लिए महाप्रबंधक स्तर पर पुरस्कृत किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने मंगलवार को उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

घटना 9 अगस्त की है। दूधिया-सतलाना रेलवे स्टेशनों के बीच किमी संख्या 689/16-17 पर गुड्स ट्रेन संख्या एमडीपीटी/एचपीजीएच गुजर रही थी। इसी दौरान जितेंद्र कुमार की नजर लोको से सातवें-आठवें वैगन की ओर निकल रही चिंगारी पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए स्थिति की गंभीरता को समझा और तत्काल ट्रेन रुकवा दी।

जांच के दौरान ट्रेन के एक वैगन में ब्रेक ब्लॉक जाम पाया गया। ट्रेन के चालक दल ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए ब्रेक ब्लॉक को रिलीज कर आइसोलेट किया, जिसके बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से रवाना किया गया।

सतर्कता से बचा बड़ा हादसा

समय रहते खराबी का पता लगने और ट्रेन रुकवाए जाने से संभावित रेल हादसा टल गया। जितेंद्र कुमार की सजगता से न केवल ट्रेन की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, बल्कि यात्रियों और रेल संपत्ति को भी संभावित नुकसान से बचाया जा सका।

उनकी कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई को देखते हुए महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने उन्हें सम्मानित किया। मुख्यालय में आयोजित संरक्षा बैठक में शामिल नहीं हो पाने के कारण मंगलवार को मंडल स्तर पर उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।