जेकेएसएस ने गांधी व शास्त्री जयंती पर किया पुष्पार्चन, चलाया स्वच्छता अभियान, मठ मंदिर परिसर में पौधरोपण कर दिया स्वच्छता का संदेश

कलीनगर। तहसील क्षेत्र के ग्राम जमुनिया खास स्थित सागर ताल मठ मंदिर परिसर में शुक्रवार को जन कल्याण सुरक्षा संघ (जेकेएसएस) के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब साढ़े आठ बजे दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रह्मपाल सिंह ने महात्मा गांधी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी का जीवन सादगीपूर्ण था, लेकिन उनके विचार अत्यंत ऊंचे थे। उन्होंने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और स्वदेशी को जीवन का आधार बनाया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि केवल पुष्प अर्पित करने से नहीं, बल्कि उनके विचारों को जीवन में अपनाने से होगी।

पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल थे। उन्होंने देश को ?जय जवान, जय किसान? का संदेश दिया, जो आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है।

संस्था के राष्ट्रीय महासचिव श्रीपाल सिंह ने गांधी जी के सत्याग्रह आंदोलनों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने चंपारण सत्याग्रह, खेड़ा सत्याग्रह, अहमदाबाद मिल मजदूर आंदोलन, असहयोग आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन सहित विभिन्न आंदोलनों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रह्मपाल सिंह के नेतृत्व में संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मठ मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इसके साथ ही विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस दौरान राय सिंह यादव, बृजेश सिंह, कमल राठौर, भूपाराम पासवान, अमरदीप पाल, बृजेश कुमार यादव, कृष्णपाल पासवान, गगन कुमार वर्मा, सुनील पासवान, हरी बाबू पासवान, शेर सिंह गौतम, सरवन कुमार पासवान, मानसिंह कुशवाहा, राजेश कुमार, रुपेश कुमार, आयुष यादव सहित संस्था के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विष्णु पासवान ने किया।