जम्मू मंडल में माल लदान को बढ़ावा, अब रेल से होगी बिस्किट की ढुलाई

जम्मू। जम्मू मंडल में माल लदान को बढ़ावा देने के लिए बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के लगातार प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। मंडल के छोटे और स्थानीय उद्योग भारतीय रेल से जुड़ रहे हैं। उधमपुर स्थित उमा सीमेंट और कठुआ स्थित गणपति सीमेंट के बाद अब कठुआ की औद्योगिक इकाई रतन ऑयल मिल्स ने भी अपने उत्पादों की ढुलाई के लिए भारतीय रेल पर भरोसा जताया है।

रतन ऑयल मिल्स द्वारा 25 सितंबर को एक बीसीएन वैगन का इंडेंट पंजीकृत कराया गया है। इसमें यूरोबिक बिस्किट यानी खाद्य स्नैक्स की ढुलाई की जाएगी। इसकी लोडिंग 30 सितंबर को शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ स्टेशन से अनंतनाग माल गोदाम के लिए की जाएगी। बिस्किट की रेल से ढुलाई शुरू होने से जम्मू मंडल के माल राजस्व में वृद्धि के साथ ही माल ढुलाई की वस्तुओं में भी विविधता आएगी।

मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा व्यापारियों और उद्योगपतियों से लगातार संपर्क तथा पंजीकृत एग्रीगेटर्स के साथ बेहतर समन्वय के चलते पिछले 10 दिनों में 22 से अधिक खाद्यान्न वैगनों की सफलतापूर्वक लोडिंग की गई है। इसमें अनंतनाग से कठुआ और चन्न अरोरियां के लिए खाद्यान्न पार्सल की लोडिंग भी शामिल है। इससे स्थानीय उत्पादों को कश्मीर घाटी तक सस्ते, सुरक्षित और तेज माध्यम से पहुंचाने में मदद मिल रही है तथा सड़क परिवहन पर निर्भरता कम हो रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल का लक्ष्य स्थानीय उद्योगों को रेल परिवहन से जोड़कर उन्हें किफायती और भरोसेमंद विकल्प उपलब्ध कराना है। रतन ऑयल मिल्स का रेल परिवहन से जुड़ना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उमा और गणपति सीमेंट के बाद बिस्किट जैसी नई वस्तु का जुड़ना मंडल के माल परिवहन को और विविध बना रहा है। मंडल भविष्य में भी व्यापारिक समुदाय के साथ मिलकर माल लदान के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।