जम्मू मंडल में पहली बार रेलवे से सीमेंट की आउटवर्ड लोडिंग, कठुआ से अनंतनाग भेजी गई 66 टन की खेप

जम्मू। जम्मू मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। मंडल के इतिहास में पहली बार कठुआ से कश्मीर घाटी के अनंतनाग गुड्स शेड तक सीमेंट की आउटवर्ड लोडिंग सफलतापूर्वक की गई। इसके साथ ही जम्मू मंडल ने अपने ही एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक निर्माण सामग्री पहुंचाकर आंतरिक माल यातायात की नई शुरुआत की है।

मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के लगातार प्रयासों के बाद 14 सितंबर 2026 को शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ रेलवे स्टेशन से अनंतनाग गुड्स शेड के लिए सीमेंट की पहली खेप रवाना हुई। गणपति सीमेंट, कठुआ द्वारा बुक की गई इस खेप में एक बीसीएन वैगन में करीब 66 टन सीमेंट के 1320 बैग लोड किए गए हैं।

खास बात यह है कि इससे पहले इस तरह की निर्माण सामग्री को जम्मू से कश्मीर घाटी तक मुख्य रूप से सड़क मार्ग से भेजा जाता था। रेलवे के माध्यम से शुरू हुई इस नई व्यवस्था से सीमेंट की ढुलाई किफायती, सुरक्षित और तेज होने की उम्मीद है। साथ ही इससे सड़क यातायात का दबाव कम करने और पर्यावरण-अनुकूल माल परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

रेलवे माल ढुलाई को मिलेगा नया बाजार

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में रेल माल ढुलाई के क्षेत्र में यह एक नया मील का पत्थर है। उन्होंने बताया कि शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन, कठुआ और अनंतनाग जैसे प्रमुख रेल परिसरों में पहले सीमेंट मुख्य रूप से आवक माल के रूप में प्राप्त होता था। अब पहली बार यहां से सीमेंट की बाहरी लोडिंग शुरू हुई है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जम्मू मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयासों का परिणाम है और इससे स्पष्ट है कि स्थानीय उद्योग रेलवे की माल परिवहन सेवाओं पर भरोसा जता रहा है। रेलवे से स्थानीय उद्योगों के जुड़ने से क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि आने वाले समय में जम्मू मंडल का प्रयास अधिक से अधिक व्यापारियों और संगठनों को रेलवे की माल ढुलाई व्यवस्था से जोड़ना है, ताकि व्यापारियों को किफायती, भरोसेमंद और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन का बेहतर विकल्प उपलब्ध कराया जा सके।