जम्मू मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 के तहत विशेष शिविर आयोजित

जम्मू मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 के तहत विशेष शिविर आयोजित

जम्मू तवी और बडगाम स्टेशन पर पेंशनभोगियों को मिली सुविधा, बुजुर्गों का मौके पर ही बनाया गया डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र

जम्मू। सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल की ओर से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार, 02 नवंबर को जम्मू मंडल कार्यालय, जम्मू तवी और कश्मीर घाटी के बडगाम रेलवे स्टेशन पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। शिविर में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों ने पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराया।

यह आयोजन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी सीमा वी वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया, जिसकी अध्यक्षता सहायक कार्मिक अधिकारी सुनील कुमार बडोनी ने की। शिविर के दौरान रेलवे कर्मचारियों ने पेंशनभोगियों को फेस ऑथेंटिकेशन, बायोमेट्रिक प्रणाली और जीवन प्रमाण ऐप के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। कई बुजुर्ग पेंशनभोगियों का प्रमाण पत्र मौके पर ही तैयार कराया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पेंशनभोगियों को तकनीक के माध्यम से आसान और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। अब पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंकों या सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे घर बैठे ही डिजिटल माध्यम से अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे।

जम्मू मंडल की ओर से कश्मीर घाटी सहित मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर इस तरह के विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। मंडल प्रशासन ने सभी पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे 30 नवंबर 2026 से पहले अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अवश्य जमा कर दें, जिससे उनकी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रह सके।

शिविरों के सफल आयोजन में जम्मू मंडल के सभी सीडब्ल्यूएलआई का सक्रिय योगदान रहा।