जम्मू मंडल के रेलकर्मियों ने पेश की मानवता की मिसाल, बचाई यात्री की जान और बिछड़ों को मिलाया

जम्मू मंडल के रेलकर्मियों ने पेश की मानवता की मिसाल, बचाई यात्री की जान और बिछड़ों को मिलाया

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में रेलकर्मियों ने दिखाई कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और तत्परता

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने कर्तव्यनिष्ठा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक गंभीर रूप से बीमार यात्री की जान बचाने में मदद की। वहीं, दो छोटे बच्चों के साथ पति से बिछड़ी महिला को सुरक्षित यात्रा की व्यवस्था उपलब्ध कराई और माता-पिता से बिछड़ी एक छोटी बच्ची को सकुशल उसके परिजनों से मिलवाया। रेलकर्मियों की इन सराहनीय पहलों की प्रशंसा हो रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल के मार्गदर्शन में टिकट जांच कर्मचारियों और वाणिज्य नियंत्रण कक्ष ने तत्परता दिखाते हुए जरूरतमंद यात्रियों की सहायता की।

गंभीर रूप से बीमार यात्री के लिए तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था

पहली घटना ट्रेन संख्या 12414 जम्मू तवी-अजमेर पूजा सुपरफास्ट एक्सप्रेस की है। इस ट्रेन के एम-1 कोच में सीट संख्या 1 और 3 पर यात्रा कर रहे 67 वर्षीय यात्री रतींदास को जम्मू से दिल्ली की यात्रा के दौरान अचानक गंभीर चिकित्सकीय परेशानी हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात टिकट जांच कर्मचारियों ने तुरंत वाणिज्य नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया। इसके बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर यात्री को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया। रेलकर्मियों की तत्परता से यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी और उनकी जान बचाने में मदद मिली।

दो बच्चों के साथ भटकी महिला की रेलकर्मियों ने की मदद

दूसरी घटना श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन की है, जहां महिला यात्री गुड्डी देवी अपने पति से बिछड़ गईं। स्टेशन पर लगातार उद्घोषणा और काफी प्रयासों के बावजूद उनके पति का पता नहीं चल सका। महिला के साथ दो छोटे बच्चे भी थे, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई।

ऐसे कठिन समय में ड्यूटी पर तैनात टिकट जांच कर्मचारी जगदीप और उनके सहयोगियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला के टिकट की व्यवस्था की और उन्हें ट्रेन संख्या 04082 में सुरक्षित बैठाया। महिला यात्री ने इस मदद के लिए कटड़ा रेलवे स्टेशन के कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

माता-पिता से बिछड़ी बच्ची को परिवार से मिलवाया

तीसरी घटना 15 अक्टूबर की है। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन पर एक छोटी बच्ची अपने माता-पिता से बिछड़ गई थी। ड्यूटी पर मौजूद वाणिज्य रेलकर्मी नरेंद्र कुमार मीना ने बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद बच्ची के परिजनों का पता लगाने के लिए प्रयास किए गए। कर्मचारियों की मेहनत और तत्परता से बच्ची को सकुशल उसके परिवार से मिलवा दिया गया।

जम्मू मंडल ने कर्मचारियों के इन कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रेलकर्मियों की जिम्मेदारी केवल यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय उनकी सहायता करना भी है। संकट की घड़ी में दिखाई गई संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण भारतीय रेल की सेवा भावना को दर्शाता है।

राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक जम्मू मंडल, उत्तर रेलवे