जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर अब 24 घंटे मिलेगी एम्बुलेंस सुविधा, मेडिकल इमरजेंसी में यात्रियों को मिलेगी तुरंत मदद

जम्मू। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब जम्मू तवी रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए एम्बुलेंस की स्थायी व्यवस्था शुरू कर दी गई है। राज्य चिकित्सा विभाग, जिला प्रशासन और रेड क्रॉस के सहयोग से शुरू हुई इस सुविधा से मेडिकल इमरजेंसी के दौरान यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकेगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जाएगा।

दरअसल, रेलवे स्टेशन पर पिछले कुछ समय से मेडिकल इमरजेंसी के मामलों में एम्बुलेंस पहुंचने में देरी की समस्या सामने आ रही थी। बाहर से एम्बुलेंस बुलाने और उसके स्टेशन तक पहुंचने में लगने वाले समय के कारण मरीजों को उपचार मिलने में देरी होती थी। इसे गंभीरता से लेते हुए जम्मू मंडल ने राज्य चिकित्सा अधिकारियों, स्थानीय स्वास्थ्य प्रशासन और रेड क्रॉस के साथ समन्वय स्थापित किया। इसके बाद स्टेशन परिसर में ही सुसज्जित एम्बुलेंस और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।

मंडल रेल प्रबंधक, जम्मू ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेडिकल इमरजेंसी में हर मिनट कीमती होता है। ऐसे में गोल्डन ऑवर के दौरान तत्काल चिकित्सा सहायता मिलने से बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं। राज्य चिकित्सा विभाग, जिला प्रशासन और रेड क्रॉस के सहयोग से शुरू की गई यह सुविधा आपात स्थिति में यात्रियों के लिए काफी मददगार साबित होगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय से अब स्टेशन पर चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ने पर यात्रियों को बिना अनावश्यक देरी के मदद मिल सकेगी। जरूरत के अनुसार मरीज को नजदीकी सरकारी अथवा रेफरल अस्पताल पहुंचाया जाएगा। उन्होंने इस सुविधा के लिए जिलाधिकारी जम्मू का भी आभार जताया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की मेडिकल इमरजेंसी होने पर तुरंत स्टेशन प्रबंधक, टिकट चेकिंग स्टाफ या रेलवे सुरक्षा बल से संपर्क करें। जम्मू मंडल की इस पहल से स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।