छठ पूजा के बाद भी रेलवे ने जारी रखीं स्पेशल ट्रेनें, कई ट्रेनों के फेरे बढ़ाए

छठ पूजा के बाद भी रेलवे ने जारी रखीं स्पेशल ट्रेनें, कई ट्रेनों के फेरे बढ़ाए

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कई रूटों पर विशेष ट्रेनों का संचालन, 8 एकतरफा ट्रेनें भी चलेंगी

प्रयागराज। छठ पूजा और त्योहारों के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। उत्तर मध्य रेलवे सहित विभिन्न क्षेत्रीय रेलों द्वारा कई नई विशेष ट्रेनें चलाने के साथ पहले से संचालित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के फेरों में भी विस्तार किया गया है। इसके अलावा पश्चिम रेलवे की ओर से 8 एकतरफा विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में राहत मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से हजरत निजामुद्दीन के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेन संख्या 01901 और 01902 के 2-2 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे। यह ट्रेन 14 और 15 नवंबर को झांसी से तथा 15 और 16 नवंबर को हजरत निजामुद्दीन से चलेगी। रास्ते में ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर, आगरा कैंट और मथुरा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा।

इसके अलावा दानापुर से आनंद विहार टर्मिनल के बीच ट्रेन संख्या 03231 एक तरफा पूजा विशेष ट्रेन 17 नवंबर को चलाई जाएगी। वहीं मालदा टाउन से शकूरबस्ती के बीच छठ विशेष ट्रेन संख्या 03439 और 03440 के 2-2 फेरे निर्धारित किए गए हैं। यह ट्रेन 16 और 21 नवंबर को मालदा टाउन से तथा 17 और 22 नवंबर को शकूरबस्ती से रवाना होगी।

छेहरटा से बांद्रा टर्मिनस के बीच विशेष सुपरफास्ट ट्रेन संख्या 04674 और 04673 भी संचालित की जाएगी। यह ट्रेन 15 नवंबर को छेहरटा से और 16 नवंबर को बांद्रा टर्मिनस से चलेगी। रास्ते में अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, अंबाला, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा और सूरत सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

रेलवे ने पहले से चल रही कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के फेरों में भी बढ़ोतरी की है। नई दिल्ली-हावड़ा विशेष ट्रेन के 3 अतिरिक्त फेरे 14, 16 और 18 नवंबर को संचालित होंगे। वापसी में हावड़ा-नई दिल्ली ट्रेन 16, 18 और 20 नवंबर को चलेगी। वहीं रानी कमलापति-दानापुर और दानापुर-सोगरिया के बीच संचालित विशेष ट्रेनों के फेरों को भी नवंबर और दिसंबर तक बढ़ाया गया है।

पश्चिम रेलवे चलाएगा 8 एकतरफा विशेष ट्रेनें

त्योहारों के बाद यात्रियों की वापसी को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने उधना, वलसाड, अहमदाबाद, प्रतापनगर और बांद्रा टर्मिनस से बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के लिए 8 एकतरफा विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनमें उधना-गया, उधना-बरौनी, वलसाड-राजगीर, वलसाड-समस्तीपुर, अहमदाबाद-मधुबनी, प्रतापनगर-रक्सौल, उधना-झंझारपुर और बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर शामिल हैं।

इन विशेष ट्रेनों का संचालन 15 और 16 नवंबर से शुरू होगा। इनके ठहराव में प्रयागराज छिवकी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन के समय, ठहराव और परिचालन की अद्यतन जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या हेल्पलाइन से प्राप्त कर लें।