छठ पर रेलवे का बड़ा फैसला, कई त्योहार विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाए, 9 नई एकतरफा विशेष ट्रेनें भी चलेंगी

प्रयागराज। दीपावली के बाद छठ पूजा पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ त्योहार विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं, जबकि नई दिल्ली से बिहार के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा पश्चिम रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे की ओर से 9 एकतरफा पूजा विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा।

रेलवे ने शकूरबस्ती-मानसी-शकूरबस्ती अनारक्षित विशेष ट्रेन के फेरों में विस्तार किया है। ट्रेन संख्या 04406 शकूरबस्ती-मानसी के 15 और 16 नवंबर को 2 अतिरिक्त फेरे होंगे। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04405 मानसी-शकूरबस्ती 17 और 18 नवंबर को संचालित की जाएगी।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 04474 नई दिल्ली-दरभंगा अनारक्षित विशेष ट्रेन 13 नवंबर को दोपहर 12:15 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। रास्ते में गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, कानपुर, गोंडा, गोरखपुर, देवरिया सदर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर सहित कई स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

दिल्ली से पटना और दरभंगा के लिए अतिरिक्त फेरे

रेलवे ने नई दिल्ली-पटना और नई दिल्ली-दरभंगा के बीच भी आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04068 नई दिल्ली-पटना 13 नवंबर को शाम 7 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04067 पटना-नई दिल्ली 14 नवंबर को शाम 6 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 04080 नई दिल्ली-दरभंगा 13 नवंबर को रात 10:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर होते हुए तीसरे दिन रात 1 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04079 दरभंगा-नई दिल्ली 15 नवंबर को सुबह 4 बजे रवाना होगी।

9 एकतरफा पूजा विशेष ट्रेनों का भी संचालन

त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने के लिए अहमदाबाद-छपरा, उधना-खातीपुरा, उतरन-लालकुआं, बरौनी-बेंगलुरु कैंट, मधुबनी-उधना, दरभंगा-मैसूरु, जयनगर-उधना, सहरसा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस और रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच एकतरफा विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।

इनमें ट्रेन संख्या 09121 उतरन-लालकुआं विशेष ट्रेन 14 नवंबर को दोपहर 2:15 बजे उतरन से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:20 बजे लालकुआं पहुंचेगी। यह ट्रेन मथुरा, हजरत निजामुद्दीन, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर में ठहराव करेगी। मुरादाबाद में इसका आगमन सुबह 11:05 बजे और प्रस्थान 11:15 बजे होगा।

वहीं ट्रेन संख्या 09449 अहमदाबाद-छपरा 14 नवंबर को, ट्रेन संख्या 09019 उधना-खातीपुरा 14 नवंबर को, ट्रेन संख्या 05250 बरौनी-बेंगलुरु कैंट 20 नवंबर को, ट्रेन संख्या 05513 दरभंगा-मैसूरु 20 नवंबर को और ट्रेन संख्या 05511 मधुबनी-उधना 21 नवंबर को रवाना होगी।

इसके अतिरिक्त जयनगर-उधना विशेष ट्रेन 16 नवंबर, सहरसा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस 17 नवंबर और रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस विशेष ट्रेन 18 नवंबर को संचालित की जाएगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति, समय-सारणी और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें।