छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए 12 नवंबर को चलेंगी 3 विशेष ट्रेनें

छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए 12 नवंबर को चलेंगी 3 विशेष ट्रेनें

फिरोजपुर मंडल ने लुधियाना, जालंधर सिटी और फिरोजपुर कैंट से पूर्वांचल के लिए की विशेष व्यवस्था, 24 घंटे यात्रियों की सेवा में जुटे रेलवे कर्मचारी

फिरोजपुर। छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा और भीड़ को देखते हुए फिरोजपुर मंडल द्वारा 12 नवंबर को 3 त्योहार विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जाएगा। इन विशेष ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, विशेष रेलगाड़ी संख्या 04664 लुधियाना से गया के लिए सुबह 06:30 बजे रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 05006 जालंधर सिटी से बढ़नी के लिए सुबह 10:50 बजे और गाड़ी संख्या 04634 फिरोजपुर कैंट से पूर्णिया के लिए शाम 17:30 बजे प्रस्थान करेगी।

इन विशेष रेलगाड़ियों के साथ पूर्व दिशा की ओर जाने वाली नियमित निर्धारित ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन विशेष ट्रेनों का लाभ उठाकर अपनी यात्रा सुविधाजनक बनाएं।

छठ पर्व के भक्तिमय गीतों से गूंज रहे फिरोजपुर मंडल के रेलवे स्टेशन इन दिनों घर लौट रहे यात्रियों को गांव की मिट्टी की खुशबू और अपनों से मिलने की खुशी का एहसास करा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी 24 घंटे मुस्तैदी से सेवाएं दे रहे हैं, ताकि हर यात्री सुरक्षित और सुखद यात्रा के साथ अपने घर पहुंच सके।