ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का विशेष सदस्यता अभियान में 15 दिसंबर तक जुड़ सकेंगे सक्रिय पत्रकार

अलीगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह के निर्देशानुसार संगठन को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2027 के लिए विशेष सदस्यता अभियान शुरू किया गया है। 15 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस एक माह के महाअभियान की रूपरेखा तय करने के लिए तहसील अध्यक्ष सुनील गुप्ता के कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल महासचिव योगेश कौशिक ने कहा कि अलीगढ़ मंडल के चारों जनपदों?अलीगढ़, हाथरस, कासगंज और एटा में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की गरिमा को बनाए रखने के लिए केवल सक्रिय पत्रकारों को ही सदस्यता प्रदान की जाएगी।

जिलाध्यक्ष अलीगढ़ देवेंद्र पाराशर ने सदस्यता प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि नवीन सदस्यता अथवा नवीनीकरण के इच्छुक पत्रकारों को आवेदन फॉर्म के साथ निम्नलिखित दस्तावेज व शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड की छायाप्रति। संस्थान द्वारा जारी आई-कार्ड अथवा समाचार पत्र में प्रकाशित बाइलाइन सहित तीन खबरों की प्रति। संगठन द्वारा निर्धारित सदस्यता शुल्क।

पात्र पत्रकार अपने आवेदन तहसील अध्यक्ष के माध्यम से या सीधे जिलाध्यक्ष के समक्ष जमा कर सकते हैं। उन्होने कहा कि स्व. बाबू बालेश्वर लाल द्वारा वर्ष 1982 में स्थापित यह संगठन निरंतर पत्रकारों को एक मंच पर लाकर उनके हितों, सम्मान और सुरक्षा के लिए संघर्षरत है। संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारिता के स्तर को ऊंचा उठाना तथा शासन-प्रशासन के समक्ष पत्रकारों की आवाज को मजबूती से रखना है।

बैठक के अंत में जिला संप्रेक्षक एमएस सैफी और तहसील अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों से अधिक से अधिक पात्र पत्रकारों को जोड़कर इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर नरेंद्र शर्मा, मोहित शर्मा, विष्णु शर्मा, राजेश अग्रवाल, नरेन्द्र गुप्ता, संजय खान आदि पत्रकार उपस्थित रहे।