खाद्य सुरक्षा अभियान में 18 नमूनों की जांच, बर्फी में मिला स्टार्च

मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से गुरुवार को दससराय और संभल रोड क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा जागरूकता, प्रशिक्षण एवं जांच अभियान चलाया गया। मोबाइल फूड सेफ्टी वाहन के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच करने के साथ ही खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान का संचालन खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम किशोर सिंह ने किया। मोबाइल फूड सेफ्टी वाहन के जरिए कुल 18 खाद्य नमूनों की जांच की गई। इनमें एक नमूना मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। जांच में बर्फी में स्टार्च की मौजूदगी सामने आई। संबंधित मामले में नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अभियान के दौरान 27 खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एक जागरूकता कार्यक्रम और एक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कारोबारियों को खाद्य सामग्री तैयार करने में केवल लाइसेंस प्राप्त खाद्य सामग्री का इस्तेमाल करने तथा खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक रंगों के अनधिकृत प्रयोग से बचने के निर्देश दिए गए।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को रसोई और खाद्य तैयार करने वाले स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने, हेड कैप, फेस मास्क, एप्रन और हैंड ग्लव्स का प्रयोग करने तथा कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों पर एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण प्रदर्शित करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया।

विभाग के अनुसार अभियान की प्रशिक्षण और समेकित रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी गई है, जबकि व्यक्तिगत नमूनों की जांच रिपोर्ट की प्रक्रिया जारी है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की है।