खबर और शिकायत का असर! प्रशासन हरकत में, धन्नूपुरवा विद्यालय के ऊपर मौत का मंडराता खतरा हटाने का मिला आश्वासन

खबर और शिकायत का असर! प्रशासन हरकत में, धन्नूपुरवा विद्यालय के ऊपर मौत का मंडराता खतरा हटाने का मिला आश्वासन

दो दिन में 11 हजार और 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग का भरोसा, 58 विद्यालयों का मामला उठने के बाद बिजली विभाग ने गिनाईं अपनी उपलब्धियां; अब सवाल_धन्नूपुरवा में कब चलेगा काम का बुलडोजर?

#Hardoi 

जनपद के विकास खंड सुरसा के अंतर्गत गुरुगुज्जा पावर हाउस के निकट स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय धन्नूपुरवा में छात्रों की सुरक्षा को लेकर उठी आवाज आखिरकार बिजली विभाग और प्रशासन तक पहुंच गई। विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही 11 केवी और 33 केवी विद्युत लाइनों को लेकर लगातार शिकायत और खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारियों की सक्रियता दिखाई देने लगी है।

मामले में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की ओर से जवाब देते हुए बताया गया कि जनपद हरदोई के अंतर्गत आने वाले 198 विद्यालयों की लाइन शिफ्टिंग का कार्य पूर्व में कराया जा चुका है। वहीं अधिशासी अभियंता की ओर से खंड शाहाबाद के 58 प्राथमिक विद्यालयों का हवाला देते हुए बताया गया कि 56 विद्यालयों की लाइनों का स्थानांतरण हो चुका है, जबकि शेष दो विद्यालयों का कार्य अगले दो दिनों में पूरा कराने का आश्वासन दिया गया है।

इधर, एमवीवीएनएल हरदोई ने विद्यालय का नाम और पता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि निरीक्षण कराकर तत्काल कार्यवाही कराई जा सके। शिकायत संख्या MV21112600962 को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजे जाने की जानकारी भी मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने दी है।

अब आश्वासन नहीं, धरातल पर कार्रवाई चाहिए!

सवाल सीधा है_जब विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को हटाने का अभियान चल रहा है, तो पूर्व माध्यमिक विद्यालय धन्नूपुरवा की समस्या का स्थायी समाधान कब होगा?

आखिर मासूम बच्चों की जिंदगी से जुड़ा मामला है। विभागीय जवाब और सोशल मीडिया पर आश्वासन देना अच्छी बात है, लेकिन असली परीक्षा तब होगी जब विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही खतरनाक विद्युत लाइनें वास्तव में हटाई जाएंगी।

अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और बिजली विभाग दो दिन के आश्वासन को हकीकत में बदलते हैं या फिर यह मामला भी कागजी कार्रवाई और तारीखों के फेर में उलझकर रह जाता है।

कलम का सवाल कायम है_बच्चों की सुरक्षा पहले या विभागीय फाइलों का चक्कर?

__डी.डी. शुक्ला, स्वतंत्र पत्रकार

#EnergyMinister #ChildSafety #UPPCL #highlightseveryone #highlightseveryonefollowers #सुरसा #hardoi #RTI #हरदोई #सवालों