क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया योगेश्वर श्रीकृष्ण भगवान का जन्मोत्सव।

पयागपुर (बहराइच)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पयागपुर क्षेत्र में योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों, धार्मिक स्थलों और घरों में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य झांकियां सजाई गईं। देर रात तक भजन-कीर्तन, वैदिक पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार द्वापर युग में भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का मथुरा की कारागार में देवकी के गर्भ से अवतार हुआ था। इसी पावन स्मृति में प्रत्येक वर्ष जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाता है।पयागपुर थाना परिसर सहित क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक झांकियां सजाई गईं। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। मंदिरों में घंटे-घड़ियाल और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।वहीं घर-घर महिलाओं ने मंगल गीत गाए और बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़ी झांकियां सजाईं। मध्यरात्रि में भगवान के जन्म के समय श्रद्धालुओं ने जय श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया और ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो भगवान श्रीकृष्ण का जन्म आज ही हुआ हो