क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को शीर्ष स्तर पर ले जाने की प्रथम सोपान - सर्वेंद्रवीर विक्रम

आलापुर(अम्बेडकरनगर)।माध्यमिक शिक्षाविभाग,अंबेडकर नगर के तत्वावधान में आज दो दिवसीय क्षेत्रीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आज संयोजक डॉ.कप्तान सिंह के नेतृत्व में स्थानीय शिक्षण संस्था गांधी स्मारक इंटर कॉलेज,राजेसुल्तानपुर में विधिविधान पूर्वक रंगारंग समारोह के साथ शुरू हुईं।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता स्काउट्स - गाइड्स के पूर्व जिला संगठन आयुक्त और प्रधानाचार्य प्रेमनारायण सिंह ने की।जबकि नोडल अधिकारी सुश्री विद्यावती मुख्य अतिथि और विद्यालय के प्रबंधक सर्वेंद्र वीर विक्रम सिंह विशिष्ट अतिथि रहे।कार्यक्रम का संचालन मंडलीय अध्यक्ष डॉ.उदयराज मिश्र,राजेश मिश्र तथा सुधीर शुक्ल ने संयुक्त रूप से की।
     इस अवसर पर राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के ध्वज के आरोहण के साथ गुब्बारों को उड़ाते हुए श्वेत कपोतों को उड़ाकर पटाखों की ध्वनि के बीच कार्यक्रम की रंगारंग शुरुआत हुई।इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक सर्वेंद्र वीर विक्रम सिंह ने क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं को भविष्य की आधारशिला और सफलता का प्रथम सोपान कहा जबकि संयोजक डॉ.कप्तान सिंह ने खेलों को अनुशासन की आवश्यक कड़ी बताया।
   इस अवसर पर आज उद्घाटन सत्र ने सम्पन्न हुई 200 मीटर सीनियर बालिका संवर्ग में गांधी स्मारक की सुमन गौड़ प्रथम,इसी कॉलेज की रानी द्वितीय तथा यहीं की शिवांगी तृतीय स्थान पर रहीं।जबकि 400 मीटर सीनियर बालक वर्ग की दौड़ प्रतियोगिताओं में तीनों स्थानों पर लल्लन जी ब्रह्मचारी के क्रमशः सत्यव्रत मिश्र,बृजेश मौर्य और कन्हैया यादव प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे।
   आज सम्पन्न 5000 मीटर सीनियर संवर्ग बालक वर्ग की मैराथन प्रतियोगिता में गांधी स्मारक के ऋषिराज निषाद प्रथम,चंडी प्रसाद के शिवम द्वितीय,गांधी स्मारक के निखिल तृतीय,भरतपुर के कन्हैया चतुर्थ तथा ब्लूमिंग चिल्ड्रन के मिंटू निषाद पंचम स्थान पर रहे।
    इस अवसर पर आज सम्पन्न ऊँची कूद की सीनियर संवर्ग बालक वर्ग की प्रतियोगिता में राजकीय तेंदुआइकला के शिवम प्रथम,भरतपुर के शिवम द्वितीय तथा तेंदुआइकला के अनुज तृतीय रहे।इसी तरह जूनियर संवर्ग बालक वर्ग की ऊंची कूद प्रतियोगिताओं में चंडी प्रसाद के अंशुमान प्रथम,छूट बहाल  के संदेश द्वितीय और जवाहर नगर के आदर्श पाल तृतीय स्थान पर रहे।
  ज्ञातव्य है कि प्रतियोगिताओं के प्रथम दिन आज कड़क धूप के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक था।
  आयोजक प्रधानाचार्य कप्तान सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताएं सोमवार को भी जारी रहेंगी।