कोलकाता स्टेशन पर जलजमाव की स्थिति नियंत्रित, कल से सामान्य मार्ग पर दौड़ेंगी सभी ट्रेनें

कोलकाता स्टेशन पर जलजमाव की स्थिति नियंत्रित, कल से सामान्य मार्ग पर दौड़ेंगी सभी ट्रेनें

पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के निर्देशन में 24 घंटे चला राहत कार्य, डीआरएम राजीव सक्सेना ने संभाली कमान; यात्रियों को भोजन-पानी भी उपलब्ध कराया

कोलकाता। कोलकाता रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में भीषण जलजमाव की स्थिति पर रेलवे प्रशासन ने सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया है। पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के मार्गदर्शन में सियालदह मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगातार 24 घंटे समन्वित प्रयास कर स्थिति को सामान्य बनाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। सिग्नलिंग प्रणाली भी पूरी तरह बहाल कर दी गई है। रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए घोषणा की है कि अगले दिन से सभी मेल, एक्सप्रेस और उपनगरीय ट्रेनें अपने सामान्य मार्गों पर संचालित होंगी।

दरअसल, गत सोमवार को टाला पंपिंग स्टेशन में 72 इंच व्यास वाली बड़ी जलापूर्ति पाइपलाइन में भारी रिसाव होने के कारण कोलकाता स्टेशन और आसपास के इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसका सीधा असर रेल परिचालन पर पड़ा और कोलकाता स्टेशन से चलने वाली कई मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। इसके साथ ही सर्कुलर रेलवे की यात्री सेवाओं को भी नियंत्रित करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने पश्चिम बंगाल सरकार के उच्च अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक समन्वय स्थापित किया। उन्होंने विशेष टीम गठित कर तत्काल राहत एवं बहाली के निर्देश दिए। इसके बाद सियालदह मंडल के सभी संबंधित विभागों ने आपसी तालमेल के साथ दिन-रात काम करते हुए जलजमाव और उससे प्रभावित रेल प्रणालियों को दुरुस्त करने में जुटे रहे।

सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने स्वयं पूरे अभियान की कमान संभाली। उन्होंने कोलकाता नगर निगम के संबंधित आयुक्तों और अभियंताओं के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर जलजमाव से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए। इसके साथ ही घटनास्थल पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा, ताकि रेल परिचालन और यात्रियों की आवाजाही पर पड़ने वाले प्रभाव को कम किया जा सके।

छठ यात्रियों के लिए रेलवे ने की विशेष व्यवस्था

जलजमाव के कारण ट्रेनों की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों, विशेषकर छठ पूजा पर अपने घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा का भी रेलवे ने पूरा ध्यान रखा। सियालदह मंडल की ओर से यात्रियों के बीच भोजन के पैकेट, पेयजल और जलपान सामग्री वितरित की गई। कठिन परिस्थितियों में यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए रेलवे कर्मचारियों ने लगातार सेवाएं दीं।

जलजमाव के कारण सिग्नलिंग प्रणाली प्रभावित होने से सोमवार, मंगलवार और बुधवार को सर्कुलर रेलवे की यात्री सेवाओं को नियंत्रित करना पड़ा। रेलवे के तकनीकी अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगातार काम कर प्रभावित प्रणालियों को बहाल किया। अब सिग्नलिंग व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त कर दी गई है।

भविष्य में जलजमाव रोकने के लिए भी बनाई व्यवस्था

मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के मार्गदर्शन में सभी विभागों के समर्पित प्रयासों और बेहतर समन्वय से इस चुनौतीपूर्ण स्थिति पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाया गया है। शुरुआत से ही रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करते हुए जल्द से जल्द सामान्य परिचालन बहाल करना रही है।

उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक पर पानी के प्रवेश को रोकने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। साथ ही भविष्य में इस तरह की जलजमाव की स्थिति की आशंका कम करने के लिए अतिरिक्त जल निकासी प्रणाली भी विकसित की गई है।

रेलवे प्रशासन ने इस कठिन समय में यात्रियों के धैर्य और सहयोग के लिए आभार जताया है। लगातार प्रयासों से न केवल रेल परिचालन को सामान्य बनाने की दिशा में सफलता मिली है, बल्कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।