कोरबा में कबाड़ का खेल बेखौफ! फिर पकड़ा गया लोहे से भरा ट्रक, कहां से आया स्क्रैप, किसका है माल

CITIUPDATE NEWS/संतोष सारथी/ कोरबा जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है। अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में कबाड़ से भरे वाहनों के पकड़े जाने के बावजूद यह कारोबार लगातार जारी है। अब सीएसईबी चौकी क्षेत्र में बीती रात लोहे से भरा एक ट्रक पकड़े जाने का मामला सामने आया है। वाहन में विभिन्न प्रकार का स्क्रैप लोहा और अन्य सामान मिला है। प्रारंभिक तौर पर इसमें चोरी के सामान होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, सामान के स्रोत और वैधता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मिली जानकारी के अनुसार सीएसईबी चौकी क्षेत्र में पुलिस ने बीती रात संदिग्ध रूप से कबाड़ से भरे एक ट्रक को पकड़ा। जांच के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में अलग-अलग प्रकार का लोहे का स्क्रैप मिला। वाहन को चौकी लाकर उसमें लोड सामान और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि कबाड़ कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था। इधर, जिस स्थान से कबाड़ से भरा वाहन पकड़े जाने की बात सामने आई है, वहां एक नंदू नाम के व्यक्ति को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं भी हो रही हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि क्षेत्र में हाल के दिनों में कबाड़ से जुड़ी नई दुकानें या कारोबार शुरू हुए हैं। हालांकि, इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पकड़े गए कबाड़ का किसी व्यक्ति या प्रतिष्ठान से सीधा संबंध है या नहीं। गौरतलब है कि जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों में कबाड़ से भरे वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इसके बावजूद लगातार सामने आ रहे मामलों ने अवैध कबाड़ कारोबार की निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए हैं।पुलिस अब पकड़े गए ट्रक में मिले लोहे और अन्य स्क्रैप की जांच के साथ उसके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही है। यदि जांच में चोरी का सामान या अवैध कारोबार से जुड़ी सामग्री मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है।