कोंकण जाने वाले यात्रियों को राहत, मध्य रेल चलाएगा 34 अतिरिक्त गणपति स्पेशल ट्रेनें

कोंकण जाने वाले यात्रियों को राहत, मध्य रेल चलाएगा 34 अतिरिक्त गणपति स्पेशल ट्रेनें

मुंबई। गणपति उत्सव के दौरान कोंकण जाने वाले यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए मध्य रेल ने 34 अतिरिक्त गणपति स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों में लोकमान्य तिलक टर्मिनस और मडगांव के बीच चार आरक्षित सेवाएं तथा पनवेल और चिपलूण के बीच 30 अनारक्षित मेमू सेवाएं शामिल हैं। इससे गणपति उत्सव के दौरान कोंकण जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मडगांव के बीच चार सेवाएं

ट्रेन संख्या 01003 विशेष लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 16 और 19 सितंबर 2026 को सुबह 7:50 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 11:45 बजे मडगांव पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01004 विशेष मडगांव से 15 और 18 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:05 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।

इन ट्रेनों का ठहराव ठाणे, पनवेल, पेण, रोहा, मानगांव, वीर, खेड़, चिपलूण, सावर्डा, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अडावली, विलवड़े, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नंदगांव रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडाल, सावंतवाड़ी रोड, थिविम और करमाली स्टेशनों पर होगा।

ट्रेन में तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, आठ शयनयान, छह सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा दो द्वितीय श्रेणी सह गार्ड ब्रेक वैन सहित कुल निर्धारित कोच रहेंगे।

पनवेल-चिपलूण के बीच 30 अनारक्षित मेमू सेवाएं

ट्रेन संख्या 01159 मेमू विशेष पनवेल से 10 से 14 सितंबर तथा 18 से 27 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3:20 बजे रवाना होकर रात 10:20 बजे चिपलूण पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 01160 मेमू विशेष चिपलूण से इन्हीं तिथियों में सुबह 9 बजे रवाना होकर दोपहर 2:30 बजे पनवेल पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में 15-15 सेवाएं संचालित की जाएंगी।

मेमू ट्रेनों का ठहराव पेण, रोहा, कोलाड, इंदापुर, मानगांव, गोरेगांव रोड, वीर, सापे वामने, करंजाडी, विन्हेरे, दीवानखवटी, कलंबणी बुद्रुक, खेड़ और अंजनी स्टेशनों पर होगा। इन ट्रेनों में आठ कार वाली मेमू रेक संचालित की जाएगी। 15 से 17 सितंबर के बीच मेमू सेवाएं नहीं चलेंगी।

8 सितंबर से शुरू होगी आरक्षण बुकिंग

ट्रेन संख्या 01003 के लिए आरक्षण 8 सितंबर 2026 से सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगा। अनारक्षित कोचों के लिए सामान्य शुल्क के साथ यूटीएस प्रणाली के माध्यम से टिकट बुक किए जा सकेंगे। यात्री टिकट बुकिंग के लिए रेलवन ऐप का भी उपयोग कर सकेंगे।

विशेष ट्रेनों के सभी स्टेशनों पर पहुंचने और रवाना होने के विस्तृत समय की जानकारी राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली या एनटीईएस ऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है। मध्य रेल के इस निर्णय से गणपति उत्सव के दौरान कोंकण जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटों और अनारक्षित यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।