कासगंज रेलवे स्टेशन पर शराब पीकर हंगामा कर रहे दो लोग गिरफ्तार

कासगंज। रेलवे स्टेशन पर शराब पीकर हंगामा करने और यात्रियों को असुविधा पहुंचाने के आरोप में जीआरपी ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों रविवार दोपहर स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में टिकट घर के पास शराब के नशे में आपस में झगड़ रहे थे और हंगामा कर रहे थे। पुलिस ने उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126, 135 और 170 के तहत कार्रवाई की।

जीआरपी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के भन्तपुरवा निवासी देवेंद्र सिंह (39) पुत्र भान सिंह और एटा जिले के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के कैला गांव निवासी संदीप (40) पुत्र कुंवर सिंह शामिल हैं। दोनों को 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:15 बजे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई और चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। कार्रवाई करने वाली टीम में जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह, मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी राजकुमार और आरक्षी वीर प्रताप सिंह शामिल रहे।