कासगंज रेलवे स्टेशन पर तीन चोरी के मोबाइलों के साथ एटा का युवक गिरफ्तार

कासगंज। जीआरपी ने बुधवार सुबह कासगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से चोरी के तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामद मोबाइलों की कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई है। पकड़े गए युवक की पहचान एटा जिले के थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी युवराज उर्फ टाटू (20) के रूप में हुई है।

जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल के नेतृत्व में पुलिस टीम 14 अक्टूबर को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। सुबह करीब 9:20 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक से युवराज को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि मोबाइल अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए थे।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ जीआरपी कासगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद मोबाइलों के आईएमईआई नंबरों के जरिए उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाया जा रहा है। इसके लिए सर्विलांस सेल की मदद ली जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल वीरेश कुमार, राजकुमार और दिनेशचंद्र तथा कांस्टेबल आकाश फौजदार शामिल रहे।