कलीनगर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का एसडीएम ने किया निरीक्षण

पीलीभीत। तहसील कलीनगर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रमेश कुमार ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जलभराव और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
एसडीएम ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि पानी बढ़ने की स्थिति में जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा जरूरतमंदों तक समय से राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति या बाढ़ का पानी बढ़ने की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।