कटिहार मंडल के सात स्टेशनों पर बनेंगे आधुनिक पार्सल केज

कटिहार। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने स्टेशनों और टर्मिनलों पर पार्सल हैंडलिंग व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की पहल शुरू की है। इसके तहत कटिहार मंडल के सात प्रमुख स्टेशनों पर आधुनिक पार्सल केज बनाए जाएंगे। इन सुविधाओं से यात्रियों और उपभोक्ताओं को पार्सल सामान की सुरक्षित हैंडलिंग का लाभ मिलेगा।

पार्सल केज की सुविधा किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी, हल्दीबाड़ी, मालदा कोर्ट, बालुरघाट और कटिहार स्टेशनों पर उपलब्ध कराने की योजना है। इनमें न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, मालदा कोर्ट और बालुरघाट में पार्सल केज लगाने का काम शुरू हो चुका है, जबकि शेष तीन स्टेशनों पर जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।

इन पार्सल केज में पार्सल और अन्य सामान को निर्धारित स्थान पर कुछ समय के लिए सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे सामान की आवाजाही, हैंडलिंग और प्रेषण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी। साथ ही स्टेशन परिसर में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करने में भी मदद मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, पार्सल सामान के लिए सुरक्षित और निर्धारित स्थान उपलब्ध होने से सामान के खोने, क्षतिग्रस्त होने या चोरी होने की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी। इससे पार्सल सेवाओं की कार्यप्रणाली बेहतर होने के साथ ग्राहकों का रेलवे की पार्सल व्यवस्था पर विश्वास भी मजबूत होगा।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि यह पहल पार्सल हैंडलिंग व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और कुशल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।