कटड़ा रेलवे स्टेशन पर बढ़ीं यात्री सुविधाएं, प्लेटफॉर्म पर मिलेंगे गर्म भोजन और ताजा दूध

कटड़ा रेलवे स्टेशन पर बढ़ीं यात्री सुविधाएं, प्लेटफॉर्म पर मिलेंगे गर्म भोजन और ताजा दूध

लंबे समय से बंद रिफ्रेशमेंट रूम भी फिर से होगा संचालित, 24 घंटे भोजन की सुविधा से श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

जम्मू। श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशन पर अब खानपान की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार करते हुए प्लेटफॉर्म पर नए खानपान स्टॉल, मिल्क बूथ और रिफ्रेशमेंट रूम की व्यवस्था की है। इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही भोजन और पेय पदार्थ उपलब्ध हो सकेंगे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में की गई इन पहलों का उद्देश्य यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है। मंडल के अनुसार, जम्मू मंडल के गठन के बाद पहली बार कटड़ा रेलवे स्टेशन पर इस तरह की आधुनिक खानपान और व्यावसायिक सुविधाएं आवंटित की गई हैं।

प्लेटफॉर्म पर मिलेगा गर्म और किफायती भोजन

यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 4/5 पर नए खानपान स्टॉल आवंटित किए गए हैं। यहां यात्रियों को स्वच्छ और गर्म भोजन, नाश्ता तथा चाय उपलब्ध होगी। ट्रेन का इंतजार करने वाले श्रद्धालुओं को खाने-पीने के लिए स्टेशन परिसर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और धन दोनों बचेंगे।

बच्चों और बुजुर्गों के लिए मिल्क बूथ

प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 पर आधुनिक मिल्क बूथ भी आवंटित किया गया है। इसके माध्यम से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार यात्रियों को पैक्ड दूध उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इससे जरूरतमंद यात्रियों को स्टेशन पर ही दूध मिल सकेगा।

24 घंटे मिलेगा भोजन, रिफ्रेशमेंट रूम भी खुलेगा

इस व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा स्टेशन पर लंबे समय से बंद रिफ्रेशमेंट रूम का आवंटन है। इसे भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) द्वारा आवंटित किया गया है। इसके 24 घंटे संचालित होने से लंबी दूरी से आने वाले श्रद्धालुओं को बैठकर भोजन करने की सुविधा मिलेगी। परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्री यहां एक ही स्थान पर थाली सहित पूरा भोजन प्राप्त कर सकेंगे।

रेलवे के अनुसार, इन सुविधाओं से स्टेशन पर खानपान सेवाओं की उपलब्धता और निरंतरता बेहतर होगी। जम्मू मंडल ने कहा कि श्रद्धालुओं और अन्य रेल यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी यात्री सुविधाओं के विस्तार के प्रयास जारी रहेंगे।

राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल