एनएफआर की आरपीएफ ने 8 नाबालिग बच्चों को कराया रेस्क्यू, 54 लाख रुपये का प्रतिबंधित सामान जब्त

एनएफआर की आरपीएफ ने 8 नाबालिग बच्चों को कराया रेस्क्यू, 54 लाख रुपये का प्रतिबंधित सामान जब्त

कटिहार, गुवाहाटी और न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशनों पर कार्रवाई, 108.9 किलो गांजा और शराब की 423 यूनिट बरामद

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिसर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 16 से 18 नवंबर 2026 के बीच आरपीएफ की टीमों ने कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और गुवाहाटी रेलवे स्टेशनों से 8 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इनमें 1 लड़का और 7 लड़कियां शामिल हैं। इसके साथ ही रेलवे नेटवर्क के विभिन्न स्टेशनों पर कार्रवाई करते हुए करीब 54 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित सामान जब्त किया गया।

17 नवंबर को आरपीएफ गुवाहाटी ने रेलवे स्टेशन से 3 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित देखभाल के लिए गुवाहाटी चाइल्डलाइन को सौंप दिया। वहीं, 16 और 17 नवंबर को कटिहार आरपीएफ ने अलग-अलग अभियानों में 3 नाबालिग लड़कियों और 1 लड़के को रेस्क्यू कर कटिहार चाइल्डलाइन के सुपुर्द किया। 18 नवंबर को आरपीएफ न्यू जलपाईगुड़ी ने एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू कर आगे की देखभाल के लिए जलपाईगुड़ी बाल कल्याण समिति को सौंपा।

वहीं, प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए आरपीएफ ने अगरतला, लामडिंग, न्यू जलपाईगुड़ी, डिमापुर, कामाख्या और कटिहार रेलवे स्टेशनों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान 2 लोगों को हिरासत में लिया गया। टीमों ने 108.9 किलोग्राम गांजा और शराब की 423 यूनिट बरामद कीं। जब्त सामान का अनुमानित मूल्य करीब 54 लाख रुपये बताया गया है।

एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि ये अभियान रेल यात्रियों की सुरक्षा, बच्चों के संरक्षण और रेलवे नेटवर्क के माध्यम से प्रतिबंधित पदार्थों के परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे हैं। आरपीएफ स्थानीय पुलिस, चाइल्डलाइन और बाल कल्याण समितियों के समन्वय से लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है।