एक टिकट पर यात्रा करने वाले सभी यात्रियों के लिए मूल पहचान पत्र जरूरी, अक्टूबर में विशेष टिकट जांच अभियान

मुंबई। मध्य रेल ने यात्रियों से टिकट और पहचान संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। रेलवे की ओर से 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ट्रेनों और स्टेशनों पर टिकट की वैधता, वास्तविकता और प्रामाणिकता की गहन जांच की जाएगी।

अभियान के दौरान रियायती किराए पर बुक किए गए टिकट, निर्धारित आरक्षण कोटा और विभिन्न प्रकार के पास के आधार पर यात्रा करने वाले यात्रियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे यात्रियों को अपनी पात्रता प्रमाणित करने के लिए निर्धारित मूल पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा।

रेलवे के अनुसार, यदि एक टिकट पर एक से अधिक यात्रियों की बुकिंग है, तो उस टिकट पर यात्रा करने वाले कम से कम एक यात्री के पास निर्धारित मूल पहचान पत्र होना जरूरी है। यदि आवश्यक मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो लागू नियमों के तहत उस टिकट पर यात्रा कर रहे सभी यात्रियों को बिना वैध टिकट यात्रा करने वाला माना जा सकता है और नियमानुसार जुर्माना या अन्य कार्रवाई की जा सकती है।

रियायत या निर्धारित आरक्षण कोटे के तहत यात्रा करने वाले यात्रियों के पात्रता संबंधी मूल दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। इसी तरह ई-पास और पीटीओ के आधार पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी निर्धारित मूल पहचान पत्र साथ रखना होगा। यात्रा शुरू करने से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि ई-पास या पीटीओ को निर्धारित यात्रा प्राधिकरण में विधिवत परिवर्तित या विनिमय कर लिया गया है।

अभियान के दौरान टिकटों की वास्तविकता और प्रामाणिकता की भी जांच की जाएगी। विशेष रूप से अनारक्षित टिकटों की जांच पर ध्यान दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर टिकट जांच कर्मचारी टिकट के सत्यापन और प्रामाणिकता की जांच के लिए टीटीई ऐप का उपयोग करेंगे।

मध्य रेल के अनुसार, अभियान का उद्देश्य आरक्षण सुविधाओं के दुरुपयोग को रोकना, रियायतों और पास के फर्जी या अनुचित इस्तेमाल पर अंकुश लगाना तथा रेलवे के राजस्व को होने वाले नुकसान को रोकना है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान वैध टिकट के साथ, जहां आवश्यक हो, निर्धारित मूल पहचान पत्र और पात्रता संबंधी जरूरी दस्तावेज अवश्य साथ रखें। यात्रियों से टिकट जांच कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की भी अपील की गई है।