उत्तर रेलवे के फिरोजपुर-अंबाला मंडल में सुरक्षा शिविर, 254 रेलकर्मियों ने लिया प्रशिक्षण

दिल्ली। भारतीय रेलवे में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर रेलवे ने फिरोजपुर और अंबाला मंडल में सुरक्षा एवं गुणवत्ता सुधार शिविर आयोजित किए। शिविरों का उद्देश्य 2 25 केवी उन्नयन कार्यों के दौरान सुरक्षित कार्य पद्धतियों को बढ़ावा देने के साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करना रहा।

फिरोजपुर मंडल की ओर से जालंधर में आयोजित शिविर में रेलवे कर्मचारियों, परियोजना इकाई के कर्मचारियों, ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन स्टाफ और अधिकारियों सहित 123 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यहां बुनियाद की ढलाई के दौरान सुरक्षा सावधानियों और गुणवत्ता जांच का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

वहीं अंबाला में दिल्ली जंक्शन-अंबाला कैंट और सानेहवाल-सहारनपुर रेलखंड पर ओवरहेड उपकरण तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के उन्नयन को लेकर शिविर आयोजित किया गया। इसमें 119 कर्मचारी और 12 अधिकारी समेत कुल 131 प्रतिभागी शामिल हुए।

दोनों शिविरों में रेलवे ट्रैक के आसपास क्रेन, जेसीबी और खुदाई मशीनों के सुरक्षित संचालन, पटरियों की सुरक्षा, सुरक्षित रेल परिचालन तथा संकेत एवं दूरसंचार प्रणालियों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान बुनियाद की ढलाई, मस्तूल निर्माण, संरेखण, ग्राउटिंग, फीडर तार लगाने और भूमिगत अर्थिंग लाइन बिछाने के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा एवं गुणवत्ता संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही खराब मौसम में सुरक्षा उपायों, आपातकालीन प्रतिक्रिया, दुर्घटना की सूचना देने और बचाव व्यवस्था की प्रक्रिया भी समझाई गई।