उत्तर मध्य रेलवे में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली भ्रष्टाचार मुक्त भारत की शपथ

उत्तर मध्य रेलवे में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली भ्रष्टाचार मुक्त भारत की शपथ

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्व में वाकाथन, हस्ताक्षर अभियान और नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया ईमानदारी का संदेश

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में सोमवार 26 अक्टूबर 2026 को सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के साथ किया गया। इस अवसर पर वाकाथन, हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक और शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक करते हुए कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे सूबेदारगंज स्थित उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक कार्यालय परिसर से वाकाथन के साथ हुई। वाकाथन संगम परिसर से शुरू होकर रेलगांव रेलवे कॉलोनी स्थित स्पंदन अधिकारी क्लब तक पहुंची। इसमें उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति विकसित करने का संकल्प लिया।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सतर्कता अधिकारी विपुल कनौजिया सहित प्रमुख विभागाध्यक्ष और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान महाप्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास करने की शपथ दिलाई। सभी ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में भ्रष्टाचार को समाप्त करने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करने की प्रतिज्ञा की।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत संगम परिसर में भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों को दर्शाने वाले नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। इसके माध्यम से कर्मचारियों और आम लोगों को भ्रष्टाचार से दूर रहने तथा नैतिक मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान के जरिए भी ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों में भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सतर्कता विभाग की टीमें मुख्यालय और मंडलों में सतर्कता संबंधी परिपत्रों तथा नियमों का प्रचार-प्रसार कर रही हैं, ताकि कर्मचारियों को नियमों की जानकारी देने के साथ भ्रष्टाचार रोकने के प्रति जागरूक किया जा सके।

रेलवे प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य संगठन में पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा को मजबूत करना तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है।