उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय परिसर में गुरुवार को ?स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026? का भव्य शुभारंभ किया गया। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस पखवाड़े का उद्घाटन उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने किया। इस अवसर पर सभी प्रधान मुख्य विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता संदेश से प्रेरणा लेकर स्वच्छता को दैनिक कार्यसंस्कृति और व्यक्तिगत आदत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने रेल परिसरों, स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ ही कचरे के पृथक्करण और सफाई मित्रों के सम्मान की संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया।

इस दौरान प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। अभियान में पांच प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों का रूपांतरण, स्वच्छ पाठशाला और युवाओं की भागीदारी, सफाई मित्रों के लिए सुरक्षा-सेवा-सम्मान शिविर, जनभागीदारी तथा स्वच्छता से समृद्धि शामिल हैं।

पखवाड़े के दौरान वृहद वृक्षारोपण, ?एक दिन, एक घंटा, एक साथ? श्रमदान, कबाड़ से कला अभियान, स्वच्छता शपथ, खेल-कूद में शून्य अपशिष्ट को बढ़ावा देने, सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण तथा पर्यटक एवं विरासत स्थलों की सफाई जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

शुभारंभ कार्यक्रम में जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान एवं सेल्फी अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

उत्तर मध्य रेलवे ने पखवाड़े के दौरान सभी मंडलों, कारखानों और कार्यालयों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर ?स्वच्छ रेलवे, स्वस्थ यात्री और स्वच्छ पर्यावरण? के संकल्प को साकार करने की प्रतिबद्धता जताई है।