उत्तर पश्चिम रेलवे ने 23,178 वाटर टैंकों की सफाई पूरी की

जयपुर। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत सभी 23,178 वाटर टैंकों की सफाई पूरी कर ली गई है। अभियान में अजमेर, जयपुर, जोधपुर और बीकानेर मंडलों ने वाटर टैंकों की सफाई का 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।

रेलवे के अनुसार 17 अगस्त 2026 से शुरू किए गए इस विशेष अभियान में नियमित सफाई व्यवस्था के अतिरिक्त सभी जल टैंकों की विशेष रूप से सफाई की गई। इसके साथ ही पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जल की नियमित जांच भी की जा रही है।

अभियान के दौरान अब तक 8,682 अवशिष्ट क्लोरीनीकरण, 972 जैविक और 445 रासायनिक परीक्षण किए जा चुके हैं। इन जांचों के माध्यम से पेयजल को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा जल स्रोतों की सफाई, पेयजल की गुणवत्ता जांच और सुरक्षित भंडारण व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के साथ रेलवे परिसरों में स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखना है।