इज्जतनगर मंडल में चार सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में सितंबर 2026 में सेवानिवृत्त हुए चार रेलकर्मियों के सम्मान में मंडल सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापक राशि भुगतान परिपत्र, मेडिकल कार्ड एवं सेवानिवृत्ति से संबंधित अन्य दस्तावेज प्रदान किए और उनके स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध जीवन की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जीवनभर की अर्जित पूंजी का विवेकपूर्ण निवेश करने और अपने अनुभवों से परिवार एवं समाज का मार्गदर्शन करते रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रेल सेवा के दौरान कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के रेलकर्मियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

इस माह इंजीनियरिंग विभाग के अजय कुमार भटन, वरिष्ठ खंड अभियंता रेलपथ, मथुरा छावनी; वाणिज्य विभाग के ओमवीर, उप मुख्य टिकट निरीक्षक, मथुरा छावनी; विद्युत विभाग के श्याम सिंह, वरिष्ठ तकनीशियन विद्युत, काठगोदाम और सिगनल एवं दूरसंचार विभाग के जगवीर सिंह, वरिष्ठ खंड अभियंता दूरसंचार, इज्जतनगर सेवानिवृत्त हुए। सभी को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

इस अवसर पर बताया गया कि मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर इज्जतनगर मंडल में नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत सेवानिवृत्ति से उत्पन्न रिक्तियों पर उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जाती है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाना है। इसी क्रम में इस माह विभिन्न विभागों के दो कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने किया। समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, सभी शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारी, रेलकर्मी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन मौजूद रहे।