आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित

महोबा, 07 अक्टूबर 2026। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के उद्देश्य से बुधवार को कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, महोबा के सभागार में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा की गई।

बैठक में जन साहस फाउंडेशन की टीम, आशा संगिनी, आयुष्मान मित्र, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटीपुरा बजरिया के चिकित्सा प्रभारी अधिकारी, फार्मासिस्ट, एएनएम एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा एवं प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, ऐसे पात्र लाभार्थी जिनके किसी कारणवश आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहे हैं, उनका सर्वे कर Beneficiary Data Management Portal (BDMP) पर आवश्यक जानकारी अपडेट करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।

इस दौरान पात्र लाभार्थियों की पहचान, आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा योजना के लाभ से वंचित परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। जन साहस फाउंडेशन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं BDMP पर डाटा अपडेट करने के कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों तक शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के अंत में छूटे हुए पात्र लाभार्थियों की पहचान, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं कार्ड निर्माण में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु स्वास्थ्य विभाग एवं जन साहस फाउंडेशन के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी।