आपात स्थिति में जीवन बचाने के गुर सीखकर तैयार हुए 62 रेलकर्मी, पांच दिवसीय प्रशिक्षण का समापन

आपातकालीन परिस्थितियों में किसी व्यक्ति की जान बचाने और दुर्घटना के समय तत्काल प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा आयोजित पांच दिवसीय ?फर्स्ट एड स्पेशल कोर्स? का सफलतापूर्वक समापन हुआ। झांसी मंडल स्थित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण में उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों से 62 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं राज्य मुख्य आयुक्त, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज विनीत कुमार श्रीवास्तव के अनुमोदन से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 से 13 सितंबर 2026 तक चला। प्रशिक्षण का संचालन उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के एएलटी लीडर संजय चतुर्वेदी ने किया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को दुर्घटना अथवा किसी आपात स्थिति में पीड़ित व्यक्ति को तत्काल और प्रभावी प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें प्राथमिक चिकित्सा की मूल अवधारणाओं के साथ एक कुशल प्राथमिक सहायक के गुण, उपचार के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां और प्राथमिक चिकित्सा के 10 स्वर्णिम नियमों की जानकारी दी गई।

सीपीआर का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

10 से 12 सितंबर तक दोपहर के भोजन के बाद मंडल चिकित्सा अधिकारी झांसी अभिनव निरंजन और वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी झांसी गौरव श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्हें दुर्घटना पीड़ित की स्थिति और चोट की गंभीरता का आकलन करने के बाद क्रमबद्ध तरीके से प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया समझाई गई।

आपात स्थिति में सीपीआर कब, क्यों और किस प्रकार दिया जाना चाहिए, इसका भी प्रतिभागियों को अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को ऐसी परिस्थितियों के लिए तैयार करना रहा, जहां चिकित्सकीय सहायता पहुंचने से पहले तत्काल प्राथमिक उपचार जीवनरक्षक साबित हो सकता है।

प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना

कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक, झांसी ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और प्रतिभागियों से संवाद कर प्रशिक्षण से मिले लाभ एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण केंद्र की आधुनिक सुविधाओं, आवासीय व्यवस्था, नवनिर्मित स्नानगृह और महिला प्रतिभागियों के लिए उपलब्ध पृथक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना की। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने भविष्य में सुविधाओं को और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन 13 सितंबर को सर्वधर्म प्रार्थना के बाद सभी प्रतिभागियों को कोर्स प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) रविकांत शर्मा तथा राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) एवं राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) मंजू जोशी ने प्रमाण-पत्र वितरित किए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिल शर्मा, अंकित सक्सेना, दिनेश शर्मा और ज्योति कुमारी सहित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जिला संगठन आयुक्त, जिला प्रशिक्षण आयुक्त, क्वार्टर मास्टर, वरिष्ठ लीडर्स और सेवा कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस प्रशिक्षण के माध्यम से 62 प्रतिभागियों को आपात परिस्थितियों में प्राथमिक चिकित्सा और जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण मिला, जिससे रेलवे में किसी दुर्घटना या आकस्मिक स्थिति के दौरान समय पर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने की क्षमता और मजबूत होगी।