आगरा मंडल में रेल सुविधाओं के विस्तार पर मंथन, सांसदों ने उठाईं नई ट्रेनों और ठहराव की मांगें

आगरा मंडल में रेल विकास पर सांसदों की बैठक

आगरा मंडल में रेल सुविधाओं के विस्तार पर मंथन, सांसदों ने उठाईं नई ट्रेनों और ठहराव की मांगें

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की मौजूदगी में बैठक, मथुरा जंक्शन पर गतिमान एक्सप्रेस के ठहराव सहित कई सुझाव

आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में रेल विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर शुक्रवार को ताज कन्वेंशन होटल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की उपस्थिति में सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने नई ट्रेनों, ठहराव, स्टेशन पुनर्विकास, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े सुझाव रखे। बैठक में मंडल की उपलब्धियों और आगामी विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि आगरा मंडल में रेल अवसंरचना को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में आगरा मंडल ने 353.07 लाख यात्रियों से 729.92 करोड़ रुपये की यात्री आय और 548.87 करोड़ रुपये की मालभाड़ा आय अर्जित की।

उन्होंने बताया कि आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन को स्टेशन पुनर्विकास योजना में शामिल किया गया है। वहीं अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित 15 स्टेशनों में से छह का कार्य पूरा हो चुका है और शेष पर काम जारी है।

मथुरा, आगरा और इटावा के लिए उठीं प्रमुख मांगें

मथुरा की सांसद हेमा मालिनी के प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने मथुरा जंक्शन पर प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2, 8, 9 और 10 को जोड़ने के लिए फुट ओवरब्रिज बनाने तथा गतिमान एक्सप्रेस का ठहराव देने का सुझाव दिया।

फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने इटावा-आगरा कैंट मेमू का बांदीकुई तक विस्तार, स्टेशनों पर वाटर कूलर लगाने, फतेहपुर सीकरी के पेठा-नमकीन उत्पादों के लिए एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉल स्थापित करने और जलभराव की समस्या दूर करने के लिए अंडरपास की डिजाइन पर पुनर्विचार करने की मांग रखी।

आगरा के सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कानपुर-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस का टुंडला स्टेशन पर ठहराव, फफूंद स्टेशन पर कर्मचारियों की सुविधा के लिए ट्रेन ठहराव और आगरा-एटा रेल सेवा की आवृत्ति बढ़ाने सहित अन्य सुझाव दिए।

इटावा के सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे ने उदिमोड स्टेशन पर यात्री शेड, जैतपुरा में प्लेटफॉर्म बेंच, बहादुरपुरा गांव में हॉल्ट तथा इटावा स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस और जम्मू मेल के दोनों दिशाओं में ठहराव का सुझाव दिया।

नई ट्रेनों और यात्री सुविधाओं पर भी जोर

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने प्लेटफॉर्म पर बैठने की व्यवस्था बढ़ाने, पूछताछ केंद्र, आरओ वाटर कूलर और शौचालयों की संख्या बढ़ाने तथा चौबीस घंटे साफ-सफाई सुनिश्चित करने के सुझाव दिए। उन्होंने आगरा-इंदौर के बीच नियमित ट्रेन और आगरा कैंट से उज्जैन तक रेल सेवा शुरू करने की मांग भी उठाई।

राज्यसभा सांसद चौधरी तेजवीर सिंह के सुझावों में मथुरा जंक्शन पर वंदे भारत सहित अन्य ट्रेनों का ठहराव और पंडित दीनदयाल स्मृति मेला महोत्सव के दौरान अतिरिक्त ट्रेनें चलाना शामिल रहा। वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी के प्रतिनिधि कप्तान सिंह ने जलेसर रोड स्टेशन पर ट्रेन ठहराव तथा मथुरा गेट और इकरन गेट पर रेल ओवरब्रिज बनाने का सुझाव दिया।

बैठक में रेलवे अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के सुझाव सुने और रेल विकास योजनाओं पर चर्चा की। बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक अतुल मिश्रा ने किया। इस अवसर पर आगरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष और मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।