आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का बढ़ा मानदेय, सम्मान से खिले चेहरे

आलापुर (अंबेडकरनगर)। विकास खंड जहांगीरगंज के सभागार में आंगनबाड़ी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के साथ सुपोषित बच्चों के माता-पिता तथा महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर लाभार्थियों और आंगनबाड़ी कर्मियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता यमुना प्रसाद चतुर्वेदी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों के पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके योगदान को देखते हुए सम्मान किया जाना जरूरी है। विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लाक प्रमुख अरविंद सिंह रहे। अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी सत्यप्रकाश पांडेय ने की। सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण चंद्रभूषण ने संचालन किया।
समारोह में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से अयोध्या धाम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना गया। मुख्यमंत्री की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए की गई घोषणाओं का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया। मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा से आंगनबाड़ी कर्मियों में खासा उत्साह रहा। घोषणा के अनुसार कार्यकत्रियों को अब 12 हजार रुपये और सहायिकाओं को छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलने की बात कही गई। इसके अलावा कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए पांच लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य कवर देने तथा साड़ियों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की गई।
बाल विकास परियोजना अधिकारी विनोद कुमार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और लाभार्थियों के प्रति आभार जताया। समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकत्री संघ की अध्यक्ष, मुख्य सेविका, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।