अधिवक्ता अनिल कुमार के निधन पर न्यायिक कार्यों से अलग रहे अधिवक्ता

  • विधिज्ञ संघ भवन में आयोजित हुई शोकसभा, दिवंगत अधिवक्ता को दी गई श्रद्धांजलि

बगहा। अधिवक्ता अनिल कुमार की असामयिक मृत्यु से बगहा के अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर है। उनके निधन पर शनिवार को बगहा व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ताओं ने खुद को न्यायिक कार्यों से अलग रखा। इस दौरान विधिज्ञ संघ भवन में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत अधिवक्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

विधिज्ञ संघ के महासचिव उपाध्याय सुनील कुमार ने बताया कि अधिवक्ता अनिल कुमार के असामयिक निधन से अधिवक्ता समुदाय को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन से सभी अधिवक्ता मर्माहत हैं। शोकसभा में उपस्थित अधिवक्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।शोकसभा में विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार मिश्र, महासचिव उपाध्याय सुनील कुमार, संयुक्त सचिव चंद्रभूषण शांडिल्य, उपाध्यक्ष अनंत कुमार, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार यादव, पूर्व कोषाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद, मनोज कुमार, महफूज आलम, नवल किशोर पांडेय, मनोज कुमार प्रथम और राजन श्रीवास्तव सहित दर्जनों अधिवक्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा अधिवक्ता लिपिक कृष्णमोहन उपाध्याय समेत अन्य अधिवक्ता लिपिकों ने भी शोकसभा में भाग लेकर दिवंगत अधिवक्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि अनिल कुमार का असामयिक निधन अधिवक्ता समाज के लिए दुखद घटना है। उनके निधन से उत्पन्न हुई रिक्तता की भरपाई करना कठिन है। शोकसभा के दौरान माहौल गमगीन रहा और उपस्थित लोगों ने दिवंगत अधिवक्ता के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।