अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आलापुर (अंबेडकरनगर)। पदुमपुर-कम्हरिया मार्ग पर बीती देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के खोजोली गांव निवासी गौतम कुमार (25) पुत्र जगदीश के रूप में हुई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, आलापुर क्षेत्र के खरुवइयां गांव के पास पदुमपुर-कम्हरिया मार्ग पर बीती देर रात यह हादसा हुआ। सड़क दुर्घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। काफी छानबीन के बाद मृतक की पहचान हो सकी।

बताया जाता है कि गौतम कुमार लंबे समय से पदुमपुर में चम्पा किन्नर और संध्या किन्नर के साथ रह रहा था। वह वाहन चालक का काम करता था। हादसे की जानकारी मिलने पर पदुमपुर में रह रहे किन्नरों ने युवक की पहचान की और उसके परिजनों को सूचना दी।

चार बहनों में इकलौता भाई था गौतम

गौतम कुमार चार बहनों में इकलौता भाई था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान कर मामले में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।