अजमेर रेलवे स्टेशन पर राजभाषा पखवाड़े का शुभारंभ, कर्मचारियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

अजमेर। अजमेर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति की ओर से राजभाषा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। स्टेशन प्रबंधक कार्यालय में मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्टेशन प्रबंधक रवीश कुमार ने की, जबकि संचालन स्टेशन अधीक्षक राजीव सैन ने किया। इस अवसर पर स्टेशन के विभिन्न विभागों के 50 से अधिक कर्मचारियों एवं समिति के सदस्यों ने उपस्थित होकर राजभाषा पखवाड़े के शुभारंभ में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे के कामकाज में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने और कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की सहभागिता से स्टेशन परिसर में राजभाषा के प्रति जागरूकता और उत्साह का माहौल बना रहा।

राजभाषा पखवाड़े के दौरान कर्मचारियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।