अंतर-रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में फिरोजपुर मंडल की नीता ने जीता कांस्य पदक

फिरोजपुर। 57वीं अखिल भारतीय अंतर-रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप-2026 में फिरोजपुर मंडल की प्रतिभाशाली खिलाड़ी सुश्री नीता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 किलोमीटर दौड़ स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन दक्षिण पश्चिम रेलवे खेल संघ, हुब्बली, कर्नाटक की ओर से किया गया।

10 किलोमीटर जैसी चुनौतीपूर्ण दौड़ में नीता ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी मेहनत, अनुशासन, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि से फिरोजपुर मंडल में खुशी का माहौल है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि नीता की सफलता ने मंडल के साथ भारतीय रेल का भी गौरव बढ़ाया है।

नीता की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि उनका चयन विश्व रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप-2026 के लिए भी हुआ है। यह प्रतियोगिता 13 नवंबर 2026 से चेक गणराज्य में आयोजित की जाएगी। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय रेल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर नीता के उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन को दर्शाता है।

नीता फिरोजपुर मंडल के परिचालन विभाग में पॉइंट्समैन के पद पर कार्यरत हैं। उनकी खेल उपलब्धि पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक गुरुशरण पाठक, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/सामान्य त्रिलोक सिंह और मंडल परिचालन प्रबंधक हरमीत सिंह ने उन्हें शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने भी नीता को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नीता इसी तरह पूरी लगन और मेहनत के साथ खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर फिरोजपुर मंडल का नाम रोशन करती रहें।