शाम से शुरू हुए घने कोहरे ने लोगो को किया घरों में कैद

फिरोजाबाद।जिले में शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे से ही घना कोहरा छाना शुरू हो गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। देर शाम करीब 8 बजे से कोहरे की घनी चादर फैल गई, जिससे बाजारों में सन्नाटा पसर गया और हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। वाहनों को पार्किंग लाइट के साथ पंक्तिबद्ध तरीके से चलना पड़ा।
कोहरे के साथ शीतलहर ने ठंड बढ़ा दी, जिससे लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए। कोहरे के चलते किसानों को खेती कार्य करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे मौसम में दृश्यता कम होने के कारण सड़कों पर वाहन धीरे-धीरे चले और चालकों को लाइट जलानी पड़ी। सुबह के समय सबसे अधिक परेशानी दो पहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। समय पर लोग अपने कार्यालय व अन्य स्थानों पर नहीं पहुंच पा रहे हैं
कोहरे और शीतलहर के चलते जिले में होने वाली प्रमुख फसलें प्रभावित हो रही हैं। किसानों का कहना है कि कोहरे से रबी की फसल में तो फायदा होगा, लेकिन आलू में झुलसा रोग होने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं और आलू की वृद्धि भी रुक जाएगी। कोहरे के चलते मिर्च की खेती पर भी खासा प्रभाव आएगा। पौधे पर आने वाला फूल कोहरे और पाले के प्रभाव में झड़ने की संभावना बढ़ गई है, जिससे यह फूल फल में नहीं बदल पाएगा। सरसों पर भी कोहरे का प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे आवश्यक सावधानियां बरतें और बिना आवश्यक कार्य के घर से बाहर न निकलें।