विश्व पर्यावरण दिवस पर एनएफआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ का पौधारोपण अभियान, छात्रों को वितरित किए पौधे

मालीगांव। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे महिला कल्याण संगठन (एनएफआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया। संगठन की अध्यक्ष शालिनी श्रीवास्तव के नेतृत्व में पांडु स्थित जागृति शिक्षा निकेतन में पौधारोपण किया गया तथा विद्यार्थियों के बीच पौधों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर छात्रों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पौधों की देखभाल करने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और प्रकृति के संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया गया। संगठन की ओर से कहा गया कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए नई पीढ़ी को जागरूक और जिम्मेदार बनाना बेहद आवश्यक है।

जागृति शिक्षा निकेतन की स्थापना वर्ष 1975 में पांडु रेलवे बस्ती में एक छोटे से प्रयास के रूप में की गई थी। समय के साथ यह संस्थान पांडु और मालीगांव क्षेत्र के जरूरतमंद बच्चों के लिए प्राथमिक शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है। विभिन्न संगठनों, दानदाताओं और समाजसेवियों के सहयोग से विद्यालय ने पिछले 50 वर्षों में निरंतर प्रगति की है।

वर्तमान में एनएफआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ की अध्यक्ष शालिनी श्रीवास्तव के संरक्षण और मार्गदर्शन में विद्यालय में प्ले ग्रुप से कक्षा पांच तक 160 से अधिक छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। संस्थान में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों की समर्पित टीम विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है।

अपनी गौरवशाली 50 वर्ष की यात्रा पूरी कर चुके इस विद्यालय में बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की योजनाएं भी बनाई जा रही हैं। एनएफआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ ने शिक्षा और सामुदायिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने तथा समाज के समग्र विकास में योगदान देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में संगठन के सामाजिक सरोकारों की एक बार फिर प्रभावी झलक देखने को मिली।

कपिंजल किशोर शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी