जोधपुर की दोनों वंदे भारत ट्रेनों में उपलब्ध है यह सुविधा

यात्री सुरक्षा के लिए भरोसेमंद है वंदे भारत एक्सप्रेस की ईटीबीयू प्रणाली

यात्रियों की सुरक्षा को नई और अत्याधुनिक मजबूती

बिना वजह उपयोग करने पर हो सकती है कार्रवाई

जोधपुर की दोनों वंदे भारत ट्रेनों में उपलब्ध है यह सुविधा

जोधपुर। भारतीय रेलवे द्वारा संचालित सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट (ईटीबीयू) की अत्याधुनिक व्यवस्था की गई है। यह प्रणाली किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों और ट्रेन स्टाफ के बीच तत्काल, सीधे और दो-तरफा संवाद सुनिश्चित करती है।

वंदे भारत एक्सप्रेस की यह विशेषता इसे अन्य ट्रेनों से अलग पहचान दिलाती है। वंदे भारत ट्रेनों को विश्वस्तरीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप डिजाइन किया गया है। इसी क्रम में प्रत्येक कोच में दरवाजों के समीप या निर्धारित स्थानों पर ईटीबीयू यूनिट लगाई गई है,ताकि आवश्यकता पड़ने पर यात्री बिना देरी सहायता प्राप्त कर सकें।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यह प्रणाली यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा बढ़ाने के लिए भारतीय रेलवे द्वारा अपनाई गई एक आधुनिक तकनीक है। उन्होंने कहा कि ईटीबीयू का उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही किया जाना चाहिए,न कि मनोरंजन या बिना कारण। इसके दुरुपयोग की स्थिति में कार्रवाई भी की जा सकती है।

वंदे भारत ट्रेनों में लगी इस यूनिट पर स्पष्ट रूप से ईटीबीयू अंकित रहता है, जिससे यात्रियों को इसकी पहचान करने में आसानी होती है।

कैसे काम करती है ईटीबीयू

ईटीबीयू पर लगे बटन को दबाते ही ट्रेन का संचार तंत्र सक्रिय हो जाता है और यात्री की आवाज़ सीधे ट्रेन मैनेजर के केबिन एवं संबंधित ट्रेन स्टाफ तक पहुंच जाती है। यह प्रणाली दो-तरफा संवाद की सुविधा प्रदान करती है,जिससे स्टाफ मौके की स्थिति को समझकर त्वरित निर्णय ले सकता है। शोरगुल वाले माहौल में भी स्पष्ट संवाद के लिए इसे विशेष तकनीक से तैयार किया गया है।

इन परिस्थितियों में उपयोगी है ईटीबीयू

आग लगने की स्थिति,चिकित्सा आपातकाल,तकनीकी खराबी,किसी संदिग्ध गतिविधि,यात्री की तबीयत बिगड़ने अथवा अन्य किसी गंभीर परिस्थिति में ईटीबीयू का उपयोग किया जा सकता है। पहले ऐसी स्थितियों में सहायता मांगने में समय लग जाता था,लेकिन इस प्रणाली से सूचना तुरंत मिलने के कारण प्रतिक्रिया समय में उल्लेखनीय कमी आई है।

यात्री सुरक्षा में अहम भूमिका

रेलवे का मानना है कि ईटीबीयू जैसी सुविधाएं न केवल आपात स्थितियों से निपटने में सहायक हैं,बल्कि यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ाती हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस में पहले से ही सीसीटीवी कैमरे,स्वचालित दरवाजे,अग्निशमन प्रणाली, बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम और आधुनिक नियंत्रण उपकरण उपलब्ध हैं। ईटीबीयू इन सभी सुरक्षा उपायों को और अधिक प्रभावी बनाती है।

रेलवे की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट का उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें। अनावश्यक या गलत उपयोग से बचना आवश्यक है,ताकि किसी गंभीर घटना के समय यह सुविधा तुरंत और प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।

इनका कहना है

इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट वंदे भारत एक्सप्रेस को न केवल तेज, आरामदायक और आधुनिक बनाती है,बल्कि यात्री सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी इसे एक भरोसेमंद रेल सेवा के रूप में स्थापित करती है।