बिजनौर। फर्नीचर शोरूम में लगी आग, लाखों का नुकसान

चांदपुर। मोहल्ला गोकुलनगर स्थित फर्नीचर की दुकान में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। दमकल विभाग की टीम व आसपास के लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण बिजली शॉट सर्किट बताया जा रहा है।

मोहल्ला चंद्रलोक काॅलोनी निवासी सजल अग्रवाल की मोहल्ला गोकुल नगर में अनमोल फर्नीचर्स के नाम से शोरूम है। शुक्रवार शाम वह अपनी दुकान को बंद कर घर जा रहे थे। उसी दौरान दुकान की दूसरी मंजिल से धुआं निकलता दिखाई दिया। आसपास के दुकानदारों ने दुकान स्वामी को बताया। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचकर दुकान खोली। आग की सूचना से मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। फायर ब्रिगेड को फोन कर आग लगने की सूचना दी। दमकल की टीम व आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक शोरूम की दूसरी मंजिल पर रखे गद्दे, प्लास्टिक कुर्सी फर्नीचर आदि सामान जल गया। आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सीएफओ डॉ आर के पाण्डेय ने बताया कि आग को दो घंटे में काबू पा लिया गया था जिसमें कोई जनहानि नहीं हुई है,और आग कैसे लगी इसकी भी जांच करेंगे।