प्रयागराज मण्डल का माल लदान एवं आय में उत्कृष्ट प्रदर्शन

प्रयागराज मण्डल का माल लदान एवं आय में उत्कृष्ट प्रदर्शन

चालू वित्तीय वर्ष में माल ढुलाई 26.18% वृद्धि

चालू वित्तीय वर्ष में आय अर्जन में 15.35% वृद्धि

मण्डल रेल प्रबन्धक प्रयागराज,रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक (गुड्स),अतुल यादव के निर्देशन एवं सभी विभागों के संगठित प्रयास से प्रयागराज मण्डल ने चालू वित्तीय वर्ष के दौरान माल लदान से आय अर्जन के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं सराहनीय प्रदर्शन किया है । मण्डल द्वारा अपनाई गई सुनियोजित रणनीतियों, बेहतर समन्वय तथा ग्राहकों के प्रति अनुकूल दृष्टिकोण के परिणामस्वरूप माल लदान में वृद्धि दर्ज की गई है । सुगम परिवहन, निर्धारित समय पर सुरक्षित डिलीवरी, व्यापार और उद्योग जगत के साथ निरंतर संपर्क और सार्थक संवाद से प्रयागराज मण्डल कीआय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

मण्डल प्रशासन के मार्गदर्शन में सीमेंट, खाद्यान्न, उर्वरक, खाद्य तेल, स्टोन फ्लाई ऐश एवं अन्य विविध वस्तुओं के माल लदान पर विशेष ध्यान दिया गया। औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक संगठनों तथा लॉजिस्टिक भागीदारों के साथ सतत संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप परिवहन सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं इससे न केवल मौजूदा ग्राहकों का विश्वास मजबूत हुआ, बल्कि नए ग्राहकों को भी रेल परिवहन से जोड़ने में सफलता मिली।

प्रयागराज मण्डल ने माल लदान एवं परिवहन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चालू वित्तीय वर्ष के दिसंबर माह में 0.77 मिलियन टन माल लदान कर 80.26 करोड़ रुपये आय अर्जित की है । गत वित्तीय वर्ष के दिसंबर माह की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में माल लदान 26.18% अधिक है एवं अर्जित आय 15.35% अधिक है ।

प्रयागराज मण्डल ने चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल से दिसंबंर तक कुल 5.62 मिलियन टन माल लदान कर 615.97 करोड़ रुपये आय अर्जित की है । गत वित्तीय वर्ष की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में माल लदान 3.49% अधिक है एवं अर्जित आय 1.75% अधिक है । प्रयागराज मण्डल ने चालू वित्तीय वर्ष में सीमेंट लदान से 72.82 करोड़ रुपये आय अर्जित की यह आय गत वित्तीय वर्ष की तुलना में 56.60% अधिक है, स्टोन लदान से 25.05 करोड़ रुपये आय अर्जित की यह आय गत वित्तीय वर्ष की तुलना में 23.21% अधिक है एवं फ्लाई ऐश लदान से 6.43 करोड़ रुपये आय अर्जित की यह आय गत वित्तीय वर्ष की तुलना में 724.44% अधिक है ।

प्रयागराज मण्डल की यह उपलब्धि अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, टीमवर्क, रियल टाइम इन्फोर्मेशन, नवाचारपूर्ण कार्यशैली एवं व्यापार सुगमता के साथ कार्य करने से प्राप्त हुई है । बेहतर प्रबंधन के लिए रेलवे अधिकारियों एवं बिजनेस डेवलपमेंट टीम द्वारा समय-समय पर व्यापारियों एवं माल भाड़ा ग्राहकों के साथ मीटिंग आयोजित की गई एवं उन्हें रेलवे से माल ढुलाई हेतु प्रोत्साहित किया गया।