गांधीधाम सब डिवीजन रेलवे हॉस्पिटल में पहली बार सफल टोटल नी रिप्लेसमेंट (TKR) सर्जरी

पश्चिम रेलवे, अहमदाबाद मंडल के सब डिवीजन रेलवे हॉस्पिटल, गांधीधाम में 05 जनवरी को पहली बार टोटल नी रिप्लेसमेंट (TKR) सर्जरी सफलतापूर्वक की गई।

यह जटिल शल्यक्रिया 56 वर्षीय महिला रेलवे लाभार्थी की सब-डिवीजन रेलवे अस्पताल, गांधीधाम के अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर में की गई। केस-टू-केस आधार पर नियुक्त ऑर्थोपेडिक सर्जन एवं एनेस्थेटिस्ट की विशेषज्ञ टीम द्वारा यह सर्जरी पूर्णतः सुरक्षित, सुचारु एवं सफलतापूर्वक की गई।

यह महत्वपूर्ण उपलब्धि डॉ. रमेश जांगिड, मण्डल चिकित्सा अधिकारी (DMO), गांधीधाम के मार्गदर्शन में प्राप्त हुई है, जो सब-डिवीजन रेलवे अस्पताल, गांधीधाम में उन्नत ऑर्थोपेडिक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस पहल से भविष्य में रेलवे लाभार्थियों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

अहमदाबाद मंडल, पश्चिम रेलवे द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर उन्नयन की दिशा में यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।