रेलवे सुरक्षा बल अहमदाबाद द्वारा ऑटो चालकों पर बड़ी कार्रवाई

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर ऑटो चालकों द्वारा यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार करने एवं निर्धारित मानकों से अधिक किराया वसूलने संबंधी शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल, अहमदाबाद द्वारा समय-समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में 04 जनवरी को रेलवे सुरक्षा बल, अहमदाबाद द्वारा विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान कुल 6 ऑटो चालकों के ऑटो जप्त किए गए तथा संबंधित ऑटो चालकों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।

रेलवे सुरक्षा बल, अहमदाबाद यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। भविष्य में भी यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा या अनियमितता न हो, इसके लिए ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकता अनुसार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।