पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल का दिसंबर 2025 में रिकॉर्ड परिचालन एवं वाणिज्यिक प्रदर्शन

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल का दिसंबर 2025 में रिकॉर्ड परिचालन एवं वाणिज्यिक प्रदर्शन

अहमदाबाद मंडल ने दिसंबर 2025 में माल लोडिंग में भारतीय रेलवे में 7वां स्थान प्राप्त किया

दिसंबर 2025 में 5 मिलियन टन से अधिक रिकॉर्ड लोडिंग की एवं लगभग 885 करोड़ का राजस्व प्राप्त किया

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने दिसंबर 2025 में परिचालन और वाणिज्यिक दोनों क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए माल ढुलाई, आय अर्जन तथा यात्री सेवाओं में अब तक के सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। यह उपलब्धि मंडल की सतत योजना, परिचालन दक्षता, व्यवसाय विकास और कर्मचारी समर्पण का प्रतिफल है।

दिसंबर 2025 में मंडल ने अब तक का सर्वाधिक औसत दैनिक माल लोडिंग 3,224.74 वैगन दर्ज किया, जो नवंबर 2024 में प्राप्त 3094.84 वैगन के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है। मात्रा के लिहाज से भी मंडल ने 5.03 मिलियन टन का अब तक का सर्वाधिक मासिक माल लोडिंग हासिल किया, जो पूर्व के 4.81 मिलियन टन के रिकॉर्ड से अधिक है।

क्षेत्रवार प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। गांधीधाम क्षेत्र ने 2,462.97 वैगन प्रतिदिन के औसत के साथ अब तक की सर्वाधिक लोडिंग दर्ज की, जबकि अहमदाबाद क्षेत्र ने 761.77 वैगन प्रतिदिन का प्रदर्शन किया। गांधीधाम एरिया से अब तक के सबसे ज़्यादा इंडस्ट्रियल नमक के वैगन लोड किए गए दिसंबर 2025 में 4,797 वैगन, जो जुलाई 2025 के पिछले बेस्ट 4,522 वैगन से ज़्यादा हैं।

वस्तुवार ढुलाई में सभी प्रमुख क्षेत्रों में वृद्धि दर्ज की गई। नमक की ढुलाई 373.84 वैगन प्रतिदिन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँची, जो मंडल के इतिहास में सर्वाधिक है। इसके अलावा POL, उर्वरक, कोयला, कंटेनर, ऑटोमोबाइल एवं अन्य विविध वस्तुओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

ट्रेन संचालन के क्षेत्र में मंडल ने 2,319 क्रैक ट्रेनें चलाईं, 86 लॉन्ग-हॉल ट्रेनों का परिचालन किया तथा मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता 94.32% रही।

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने दिसंबर 2025 के दौरान दिसंबर 2024 की तुलना में वाणिज्यिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज करते हुए माल, यात्री राजस्व, टिकट जांच, गैर-किराया आय तथा व्यवसाय विकास पहलों में उल्लेखनीय वृद्धि हासिल की है।

दिसंबर 2025 में मंडल ने ₹884.89 करोड़ का कुल राजस्व अर्जित किया, जबकि दिसंबर 2024 में यह ₹702.35 करोड़ था। माल राजस्व ₹536.02 करोड़ से बढ़कर ₹701.39 करोड़ हो गया, जो वित्तीय वर्ष का अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक माल प्रदर्शन है तथा निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक है।

यात्री राजस्व ₹167.00 करोड़ रहा, जबकि टिकट जांच से आय ₹2.10 करोड़ दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान मंडल ने 35.77 लाख यात्रियों का परिवहन किया।

बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (BDU) के केंद्रित प्रयासों से कई वस्तुओं में अब तक की सर्वाधिक आय दर्ज की गई, जिसमें फर्टिलाइजर (₹240.97 करोड़), कंटेनर ट्रैफिक (₹211.45 करोड़) तथा नमक (₹114.04 करोड़) शामिल हैं। गांधीधाम, मोथाला, शिरवा, सनोसरा एवं सामाखियाली जैसे माल टर्मिनलों ने भी अब तक की सर्वाधिक कमाई दर्ज की।

27 दिसंबर 2025 को ₹26.87 करोड़ का एकदिवसीय माल राजस्व वित्तीय वर्ष का सर्वश्रेष्ठ रहा। अहमदाबाद मंडल ने दिसंबर 2025 में माल लोडिंग में भारतीय रेलवे में 7वां स्थान प्राप्त किया।

पार्सल, लीजिंग एवं गैर-किराया राजस्व क्षेत्रों में ई-नीलामी के माध्यम से कई परिसंपत्तियों का आवंटन किया गया, जिससे अनुबंध अवधि में ₹23.55 करोड़ की आय प्राप्त होगी। दिसंबर 2025 तक गैर-किराया आय ₹10.84 करोड़ रही, जो मंडल के इतिहास में सर्वाधिक है, और इसके साथ ही मंडल ने भारतीय रेल में 4वां स्थान प्राप्त किया।

यात्री-केंद्रित पहलों के तहत कुल 41 विशेष ट्रेन फेरों का संचालन किया गया।

यात्रियों की सुविधा के लिए कलोल स्टेशन पर 4 जोड़ी प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव प्रदान किया गया।

टिकट जांच अभियानों को सुदृढ़ कर बिना टिकट/अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण किया गया।

डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देकर यात्रियों को सरल एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराई गई।

कैटरिंग इकाइयों, OSOP स्टॉलों, पे-एंड-यूज़ शौचालयों, पार्किंग अनुबंधों एवं विज्ञापन पहलों के माध्यम से राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ यात्री सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार किया गया।