दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार ।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार।

महिला चिकित्सकों की पदस्थापना से महिला कर्मचारियों को विशेष लाभ ।

बिलासपुर। रेलवे कर्मचारियों, उनके आश्रितों एवं पेंशनरों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा विभाग,दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में छिंदवाड़ा रेलवे स्वास्थ्य इकाई में महिला चिकित्सक की सेवाएं प्रारंभ की गई हैं । इसके अतिरिक्त, रेलवे स्वास्थ्य इकाई नागभीड़ तथा उप-मंडलीय रेलवे चिकित्सालय, नैनपुर में भी महिला चिकित्सक की सेवाएं जल्द शुरू की जाएगी।

महिला चिकित्सक संबंधित रेलवे स्वास्थ्य इकाइयों में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी । इससे महिला रेलवे कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को विशेष रूप से लाभ प्राप्त होगा तथा महिला रोगियों को समयबद्ध परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी ।

समान उद्देश्य के तहत रायपुर एवं बिलासपुर मंडल की रेलवे स्वास्थ्य इकाइयों में भी महिला चिकित्सकों की सेवा व्यवस्था प्रस्तावित है, जिससे इन मंडलों में कार्यरत रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को भी बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

महिला चिकित्सकों की इस व्यवस्था से चिकित्सकीय कार्यभार का संतुलन स्थापित होगा, महिला रोगियों को समुचित एवं समय पर उपचार प्राप्त होगा तथा रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं की समग्र कार्यक्षमता एवं प्रभावशीलता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की स्वास्थ्य इकाइयों में महिला चिकित्सकों की उपलब्धता, चिकित्सा विभाग द्वारा रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से रेखांकित करती है।