मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में नागपुर मंडल में चिकित्सा, कार्मिक एवं आरपीएफ विभागों का सशक्त एवं सराहनीय प्रदर्शन (वर्ष 2025-26)

नागपुर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में वर्ष 2025 के दौरान चिकित्सा, कार्मिक तथा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) विभागों द्वारा यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों की सुविधा, सुरक्षा एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की गई हैं। इन प्रयासों से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार हुआ है, बल्कि मानव संसाधन प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ हुई है।चिकित्सा विभाग द्वारा पॉलीक्लिनिक को 20-बेड आधुनिक अस्पताल के रूप में उन्नत किए जाने का कार्य प्रगति पर है, जिसमें कीमोथेरेपी, डायलिसिस यूनिट एवं मेजर ऑपरेशन थिएटर की सुविधाएँ विकसित की जा रही हैं। मंडल की सभी रेलवे कॉलोनियों, स्वास्थ्य इकाइयों एवं नैनपुर में आउटपुट बेस्ड कॉन्ट्रैक्ट लागू कर कार्य प्रारंभ किया गया है। पॉलीक्लिनिक मोतीबाग, नैनपुर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी, डोंगरगढ़ एवं छिंदवाडा स्वास्थ्य इकाइयों में एंबुलेंस सेवाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। नागपुर मंडल में 90 टाई-अप अस्पतालों एवं जांच/निदान केंद्रों की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिससे कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो रहा है।पॉलीक्लिनिक मोतीबाग में पैथोलॉजी प्रयोगशाला का आधुनिकीकरण करते हुए पूर्णतः स्वचालित बायो-केमिस्ट्री एनालाइज़र स्थापित किया गया है तथा आपात चिकित्सा सुविधा को सुदृढ़ करने हेतु पोर्टेबल वेंटिलेटर लगाया गया है। नेत्र रोग उपचार के लिए कंबाइंड ऑप्टिकल बायोमीटर एवं कॉर्नियल टोपोग्राफी सिस्टम तथा फिजियोथेरेपी यूनिट के लिए लेजर थेरेपी उपकरण की व्यवस्था की गई है। 99 लाख की लागत से पुराने मेडिसिन स्टोर भवन का पुनर्विकास कार्य भी प्रारंभ किया गया है। मरीजों की सुविधा हेतु क्यू मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया गया है एवं नया पंजीकरण कक्ष प्रारंभ किया गया है।स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत नागपुर मंडल की 1040 महिला कर्मचारियों को लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक माह के प्रथम शुक्रवार को विभिन्न स्टेशनों पर शिकायत निवारण एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।कार्मिक विभाग द्वारा वर्ष 2025 के दौरान मानव संसाधन विकास पर विशेष ध्यान देते हुए कुल 10,374 कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिनमें 1,426 सुरक्षा श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। चयन, उपयुक्तता एवं ट्रेड टेस्ट के माध्यम से समयबद्ध परीक्षाएँ आयोजित की गईं तथा सुरक्षा श्रेणियों में रिक्त पदों को भरने हेतु 411 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई। अनुकंपा नियुक्ति के अंतर्गत प्राप्त सभी 49 मामलों का निपटारा किया गया। अन्यथा सामान्य सेवानिवृत्ति (ONR) मामलों, CA-III, CPGRAMS एवं NIVARAN से संबंधित शिकायतों का भी प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण किया गया। CAT/उच्च न्यायालय/सुप्रीम कोर्ट के मामलों में अधिकांश निर्णय रेलवे के पक्ष में रहे, जिससे प्रशासनिक दक्षता परिलक्षित होती है।रेलवे सुरक्षा बल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु सघन अभियान चलाए गए।ऑपरेशन नार्कोस,यात्री सुरक्षा,ऑपरेशन उपलब्ध,रेल सुरक्षा जैसे अभियानों के माध्यम से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया तथा करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई। सामाजिक दायित्व निभाते हुए नन्हे फरिश्ते अभियान के तहत बच्चों को संरक्षण दिया गया,अमानत अभियान के अंतर्गत यात्रियों का खोया सामान सुरक्षित लौटाया गया तथा जीवन रक्षा एवं मातृशक्ति अभियानों के माध्यम से आपात परिस्थितियों में यात्रियों की सहायता की गई।

समग्र रूप से, मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में नागपुर मंडल ने चिकित्सा, कार्मिक एवं आरपीएफ के क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए यात्रियों एवं कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, संवेदनशील एवं भरोसेमंद रेल वातावरण सुनिश्चित किया है, जो भविष्य में और अधिक उन्नत एवं जनोन्मुखी रेल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।