नागपुर मंडल के अंतर्गत नागभीड़ में GCF-78 पर रोड अंडर ब्रिज से सुरक्षा एवं यातायात में उल्लेखनीय सुधार

नागपुर मंडल के अंतर्गत नागभीड़ के निकट गेट क्रमांक GCF-78 पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) का सफलतापूर्वक निर्माण कर उसे यातायात हेतु चालू कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में सार्वजनिक सुरक्षा सुदृढ़ हुई है तथा रेल?सड़क संपर्क व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आया है।यह कार्य दीपक कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक नागपुर, के मार्गदर्शन में तथा अर्पित सरन, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय)/नागपुर एवं शिवनाथ नामदेव, मंडल अभियंता (दक्षिण) नागपुर के सक्षम पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

रोड अंडर ब्रिज के चालू होने के साथ ही GCF-78 पर स्थित लेवल क्रॉसिंग का उन्मूलन हो गया है, जिससे सड़क उपयोगकर्ताओं एवं रेल परिचालन से जुड़ी दुर्घटनाओं की संभावना में भारी कमी आई है। अब वाहनों की आवाजाही निर्बाध एवं सुचारु रूप से हो रही है, जिससे यातायात जाम से राहत मिली है और आम नागरिकों के समय व ईंधन की बचत सुनिश्चित हुई है।

रेलवे परिचालन की दृष्टि से भी लेवल क्रॉसिंग हटने से ट्रेनों का संचालन अनुमत गति से संभव हो सका है, जिससे समयपालनता एवं परिचालन दक्षता में सुधार हुआ है। यह आरयूबी नागभीड़ एवं आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा यात्री सुविधा, संरक्षा एवं क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे जनोपयोगी कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।