महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे ने नव वर्ष की रात्रि किया प्रयागराज जंक्शन एवं मंडल नियंत्रण कार्यालय का निरीक्षण

महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे ने नव वर्ष की रात्रि किया प्रयागराज जंक्शन एवं मंडल नियंत्रण कार्यालय का निरीक्षण

रात्रि ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मयोगियों को दी नव वर्ष की बधाई

महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे,नरेश पाल सिंह ने नव वर्ष के अवसर पर प्रयागराज जंक्शन स्टेशन एवं प्रयागराज मंडल के नियंत्रण कार्यालय का औचक निरीक्षण किया । उत्तर मध्य रेलवे के लगभग 70,000 कर्मचारी अपने सम्मानित यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों के कुशल संचालन, सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को सुनिश्चित करने हेतु 24x7 अपनी सेवायें प्रदान करते हैं । रेलवे कर्मचारी नव वर्ष, होली, दीपावली, रक्षाबंधन, दुर्गा पूजा एवं छठ जैसे पर्वों पर और पूरे वर्ष मौसम और परिस्थितियों की परवाह किए बिना अनवरत कार्य करते हैं ताकि हर यात्री सुगम एवं सुरक्षित यात्रा कर समय पर अपने गंतव्य तक पहुँच सके ।

उत्तर मध्य रेलवे के स्टेशनों, कार्यालयों एवं ट्रेनों में कार्यरत कर्मयोगियों का उत्साहवर्धन करने एवं कोहरे और ठंड के दौरान रेल कर्मियों की कर्मठता तथा कार्य पद्यति को जांचने, परिचालन तैयारियों, यात्री सुविधाओं और कर्मचारी कल्याण का जायजा लेने के उद्देश्य से महाप्रबंधक द्वारा यह निरीक्षण किया गया था।

महाप्रबंधक के निरीक्षण की शुरुआत प्रयागराज जंक्शन के महत्वपूर्ण परिचालन और सुरक्षा क्षेत्रों के गहन अवलोकन से हुई । प्रयागराज जंक्शन पर आगमन के बाद उन्होंने सर्वप्रथम स्टेशन अधीक्षक कार्यालय एवं वाणिज्य कार्यालय का दौरा किया जहां उन्होने मौजूद कर्मचारियों से बातचीत की और उनके समर्पण एवं प्रतिबद्धता की सराहना की । इसके उपरांत क्रू लॉबी का निरीक्षण किया जहाँ ड्यूटी पर मौजूद लोको पायलटों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया ।

प्रयागराज जंक्शन के निरीक्षण के बाद, महाप्रबंधक ने प्रयागराज मंडल के नियंत्रण कार्यालय का दौरा किया। उन्होंने मंडल भर में ट्रेन संचालन का प्रबंधन कर रहे कर्मचारियों के कामकाज का बारीकी से अवलोकन किया । महाप्रबंधक वहाँ भी कर्मचारियों को त्योहार के दौरान आवश्यक सेवाओं को बनाए रखने की उनकी प्रतिबद्धता को स्वीकार करते हुए उन्हें नव वर्ष की शुभकामनाएँ दीं ।

नरेश पाल सिंह ने इस बात पर बल दिया कि ठंड और कोहरे के मौसम में, जब रेल परिचालन कठिन स्थितियों होता है, तो संरक्षा, सुरक्षा, स्वच्छता और दक्षता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए यह निरीक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यात्रियों और स्टाफ के साथ उनका सीधा जुड़ाव सेवा वितरण और कर्मचारी कल्याण में निरंतर सुधार के प्रति उत्तर मध्य रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।